सुनील पाल जाने माने स्टैंडअप कॉमेडियन हैं. वो कई बार अपने कंट्रोवर्सियल बयानों की वजह से भी चर्चा में रहते हैं. साथी कॉमेडियंस पर निशाना भी साध चुके हैं. लेकिन कपिल के लिए उनका प्यार आज भी बरकरार है. मौका मिलने पर वो कपिल शर्मा की तारीफ करते नहीं थकते. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया क्यों वो कपिल के कॉमेडी शो में नहीं दिखते.
कपिल के लिए क्या बोले सुनील पाल?
सुनील का कहना है कि जब उन्हें लगेगा कि कपिल को उनकी वाकई में जरूरत है तो वो उनके शो पर दिखेंगे. मेरी सहेली संग बातचीत में सुनील ने कहा- मेरा कपिल के साथ कोई इश्यू नहीं है. बल्कि मैं तो उनका बड़ा फैन हूं. कपिल पिछले 12 साल से अपना कॉमेडी शो चला रहे हैं. वो शानदार काम कर रहे हैं. हमेशा अपने दोस्तों को आगे बढ़ने में मदद करते हैं. वे दुनिया के हाईएस्ट पेड कॉमेडियन हैं. कपिल के कॉमेडी शो में नहीं दिखने पर सुनील ने कहा- मैंने कभी कपिल से नहीं कहा कि वो मुझे अपने शो में लें. जबकि सच ये है कि कपिल ने मुझे कई बार अपने सेट पर इंवाइट किया है.
''वो अक्सर कहते हैं, ‘भाई आ जाओ, मिलो. वे मुझे बहुत प्यार करते हैं. लेकिन मेरा मानना है ये उनकी महानता है. मैं उनके पास तभी जाऊंगा जब मुझे लगेगा कि उन्हें सच में मेरी जरूरत है. वरना उनके शो पर तो लंगर चल रहा है. पंजाब का आधा हिस्सा वहां मौजूद है.'' सुनील बीते दिनों कपिल शर्मा की फिल्म 'किस किस को प्यार करूं 2' के प्रीमियर में पहुंचे थे.
इससे पहले सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट में सुनील ने कपिल की खूब तारीफ की थी. उन्होंने कहा था- पिछले 40 सालों में जॉनी लीवर ही एकमात्र ऐसे कलाकार हैं जिन्होंने अपने जमाने को परिभाषित किया और बदलाव लाए. मैं उनका भक्त और फैन हूं. उनके अलावा कपिल शर्मा में मुझे वो दम दिखा. उन्होंने खुद को बनाया और सुनील ग्रोवर को भी. पिछले 20 सालों में मैंने मुश्किल से पांच लोग देखे जो इवॉल्व हुए हैं. बाकी तो मार्केट जोक्स, पुराने कलाकारों की मिमिक्री रहे हैं. वो कुछ नया करने की कोशिश ही नहीं कर रहे हैं.
aajtak.in