&टीवी के सबसे लोकप्रिय सीरियल 'भाभीजी घर पर हैं' में आने वाला है शॉकिंग ट्विस्ट. क्योंकि अनीता भाभी बदलने वाली हैं. खबरें आ रही थीं कि अनीता भाभी का किरदार निभाने वाली सौम्या टंडन इस सीरियल से अलविदा कहने वाली हैं. कुछ दिनों पहले सौम्या टंडन ने आजतक से बातचीत में बताया था कि उन्होंने अपना शूट तो शुरू कर दिया है लेकिन कोविड 19 का डर उन्हें बहुत है. क्योंकि उनके घर पर उनका छोटा बच्चा और उनकी मां भी हैं. हालांकि उन्होंने एहतियात बरतते हुए पर्सनल मेकअप दादा और हेयर दीदी को अपने साथ रखा था जो सेट पर सिर्फ उन्हीं के साथ रहते थे.
शूटिंग पर नहीं जा रहीं सौम्या टंडन
लेकिन फिर बीच में खबर आई कि उनकी हेयर दीदी कोविड पॉजिटिव पाई गईं जिसके चलते शो में सौम्या के सीन्स भी नहीं लगाए गए और तबसे वो सेट पर शूट करने नहीं गईं. बीच में ये भी खबरें थीं कि पेमेंट कट को लेकर सौम्या टंडन बहुत नाराज़ हैं. इसीलिए वो सेट शूट पर नहीं आ रहीं. लेकिन इन खबरों को गलत ठहराते हुए उनके करीबी सोर्स ने आज तक को बताया कि सौम्या ने अपने बच्चे और मां की खातिर कुछ दिनों के लिए शूट नहीं करने का फैसला लिया है.
दूसरी तरफ प्रोडक्शन हाउस से जुड़े एक सोर्स ने बताया कि सौम्या टंडन का कॉन्ट्रैक्ट भी खत्म हो रहा था, जिसके चलते अब अनीता भाभी के किरदार के लिए प्रोडक्शन हाउस गोरी-चिट्टी और स्टाइलिश एक्टर की तलाश कर रहा है. क्योंकि सीरियल में अनीता भाभी को गोरी मेम कहकर बुलाते हैं. ऐसे में अनीता भाभी के किरदार के लिए शेफाली जरीवाला का नाम चर्चा में है. शेफाली गोरी भी हैं और अनीता भाभी के किरदार में फिट भी बैठेंगी.
क्या शेफाली बनेंगी अनीता भाभी?
इस खबर की पुष्टि के लिए जब आज तक ने शेफाली जरीवाला से जुड़ने की कोशिश की तो उनके करीबी सोर्स ने बताया कि ये खबर सच नहीं है. अब तक शेफाली जरीवाला को इस किरदार के लिए प्रोडक्शन हाउस से कोई भी कॉल नहीं आया है. उनके करीबी सोर्स ने ये भी कहा कि अगर आगे चलकर उन्हें अनीता भाभी के किरदार के लिए अप्रोच किया जायेगा तो वो इस पर विचार जरूर करेंगी और हमें जरूर बताएंगी.
शेफाली 'कांटा लगा' गर्ल के नाम से फेमस हैं. यह ओरिजिनल गाना 1972 में आई फिल्म 'समाधी' का है. इसे 2002 में रीमिक्स किया गया था एक म्यूजिक वीडियो के लिए. ये म्यूजिक वीडियो बहुत पॉपुलर भी हुआ और इस गाने के जरिये शेफाली रातों रात फेमस भी हो गईं. इसके अलावा उन्होंने कई और म्यूजिक वीडियो भी किए, उसके बाद वो अपने पति पराग त्यागी के साथ स्टार प्लस के रियलिटी शो नच बलिए में नजर आईं और 2019 में कलर्स के रियलिटी शो बिग बॉस 13 में कंटेस्टेंट बनकर गई थीं.
साधना कुमार