फेमस 'वड़ा पाव गर्ल' यानी चंद्रिका दीक्षित पिछले एक महीने से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई थीं. सोशल मीडिया पर उनके साथ नजर आने वाले एक 'मिस्ट्री मैन' को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. अब चंद्रिका ने उन तमाम चर्चाओं पर विराम लगाते हुए खुद सामने आकर उस शख्स की पहचान उजागर कर दी है.
एक चौंकाने वाले वीडियो के जरिए उन्होंने न केवल अपने पार्टनर का नाम बताया, बल्कि धर्म और राजनीति से ऊपर उठकर अपने प्यार और इंसानियत की बात भी की है. इस खुलासे ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है.
चंद्रिका ने शेयर किया वीडियो
चंद्रिका दीक्षित ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया है. वीडियो में चंद्रिका एक मुस्लिम महिला की तरह सिर पर स्कार्फ (हिजाब स्टाइल) बांधे नजर आ रही हैं, वहीं उनके साथ खड़े उस 'मिस्ट्री मैन' के माथे पर तिलक लगा हुआ है. वीडियो की शुरुआत में चंद्रिका 'अस्सलाम वालेकुम' कहती हैं, जिसके जवाब में वह शख्स हाथ जोड़कर 'जय श्री महाकाल' कहता है. इसके बाद मिस्ट्रीमै न कहता है कि जिसे सब लोग 'चंद्रिका बानो' कहकर बुला रहे हैं, वह असल में चंद्रिका दीक्षित ही है.
मिस्ट्री मैन के नाम का खुलासा
इसी वीडियो में चंद्रिका ने आखिरकार सस्पेंस खत्म करते हुए बताया कि जिसे लोग 'मिस्ट्री मैन' कह रहे हैं, उसका नाम सैफी है. दोनों ने अपने रिश्ते को हिंदू-मुस्लिम एकता का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर लोगों को इसमें प्यार की जगह राजनीति दिख रही है, तो उन्हें राजनीति को कुछ समय के लिए किनारे रखना चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि प्यार से बड़ा कोई धर्म नहीं होता और उनके संबंधित धर्म उन्हें एक-दूसरे का सम्मान करना ही सिखाते हैं. चंद्रिका ने साफ शब्दों में कहा कि सबसे बड़ा धर्म 'इंसानियत' है और लोगों ने उनके इस पवित्र रिश्ते को गलत नाम दिया है.
खुलासे के तुरंत बाद एक और वीडियो सामने आया. जिससे मामला थोड़ा पलटता हुआ नजर आया. इस नए वीडियो में चंद्रिका और सैफी एक अन्य व्यक्ति के साथ खड़े हैं, जो यह घोषणा कर रहा है कि यह जोड़ी जल्द ही एक नए प्रोजेक्ट में एक साथ नजर आने वाली है.
जैसे ही यह बात सामने आई कि यह सब उनके आने वाले काम का प्रचार करने का एक तरीका था, सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा. कई लोगों ने इसे महज एक 'सोशल मीडिया स्टंट' करार दिया और चंद्रिका को 'ड्रामा क्वीन' कहकर ट्रोल करना शुरू कर दिया. नेटिजन्स का मानना है कि अपने प्रोजेक्ट को प्रमोट करने के लिए धर्म और निजी रिश्तों का इस्तेमाल करना गलत है.
पति युगम गेरा ने मांग ली माफी
वहीं इन सब के बीच चंद्रिका के पति युगम गेरा ने 'द मानस शो' के पॉडकास्ट पर चंद्रिका से माफी मांगी है. उन्होंने कहा, 'वड़ा पाव शुरू करने का आइडिया हम दोनों का ही था. हमारी पहली वीडियो 30M गई थी. आगे उन्होंने किसी बात पर कहा कि वह मानते हैं कि उनकी सबसे बड़ी गलती थी. अगर चंद्रिका ये देख रही है तो मुझे माफ कर दे.'
aajtak.in