विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी खूब चर्चा में रही. उनके वेडिंग लुक की अभी तक सोशल मीडिया पर बात हो रही है. उदयपुर में रॉयल वेडिंग के बाद अब 4 मार्च को हैदराबाद में रश्मिका-विजय की ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी होगी. इसमें फिल्म जगत के हाई प्रोफाइल लोग शामिल होंगे. परिवारवाले और करीबी दोस्त भी जश्न का हिस्सा होंगे. रिसेप्शन को लेकर कपल की टीम का स्टेटमेंट सामने आया है.
रश्मिका-विजय की फैंस से अपील
इसमें बताया गया है कि रश्मिका-विजय का रिसेप्शन टाइट सिक्योरिटी के बीच होगा. जिन्हें इंवाइट किया गया है बस वो लोग ही पार्टी में शामिल हो सकेंगे. बिना इंविटेशन कार्ड दिखाए कोई भी पार्टी में एंट्री नहीं कर पाएगा. रिसेप्शन के लिए पहले फिल्म इंडस्ट्री समेत, राजनीतिक और प्रशासनिक सर्कल्स से जुड़े लोगों को बुलाने का प्लान था. लेकिन अब गेस्ट लिस्ट को छोटा किया गया है. ये फैसला पब्लिक के बीच कपल की शादी को लेकर बने एक्साइटमेंट को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर किया गया है.
VIROSH नाम से जारी किए गए इस स्टेटमेंट में लिखा है- विरोश वेडिंग देश का सबसे ज्यादा सेलिब्रेट किया गया इवेंट बन गया है. जिसमें कपल को देशभर के लोगों का प्यार मिला. रिसेप्शन को पहले तेलुगू, हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ इंडस्ट्री के लोगों के सेलेब्स के लिए प्लान किया गया था, जिसमें राजनीतिक जगत के नेता भी शामिल होते. लेकिन अधिकारियों से परामर्श के बाद गेस्ट लिस्ट में थोड़ा बदलाव किया गया है.
पुलिस अधिकारियों ने सलाह दी कि भीड़ जमा न हो, ट्रैफिक जाम न हो और जगह पर सुरक्षा का खतरा न हो, इसलिए कड़े कंट्रोल जरूरी हैं. जिनके पास इंविटेशन होगा उन्हें ही रिसेप्शन में एंट्री मिलेगी. बिना ऑफिशियल इंवाइट आने वाले लोगों से विनती है कि वो इवेंट में ना शामिल हों. स्टेटमेंट में बताया गया है कि अधिकारी और कपल चाहते हैं रिसेप्शन बिना किसी रुकावट के अच्छे से हो.
विजय-रश्मिका ने फैंस को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपकी सुरक्षा और खुशी हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. आपके आशीर्वाद और प्यार के लिए बहुत शुक्रगुजार हैं. इस सेलिब्रेशन को सुरक्षित और खुशी भरा रखने में हमारा साथ दें. विजय-रश्मिका ने 26 फरवरी को आंध्रा और कोडावा रीति रिवाजों से शादी की. हैदराबाद में विजय के घर में रश्मिका का ग्रैंड वेलकम हुआ. कपल ने पैप्स को मिठाइयां बांटीं. तिरुमाला तिरुपति मंदिर जाकर आशीर्वाद भी लिया.
aajtak.in