बॉलीवुड की फिटनेस क्वीन कही जाने वालीं शिल्पा शेट्टी ने अपने साथ हुए एक दर्दनाक हादसे का खुलासा किया है. एक्ट्रेस ने बताया कि 90s के दौरान वो एक फिल्म की शूटिंग करते वक्त घायल हो गई थीं. उनकी पीठ बुरी तरह जल गई. लेकिन उन्होंने अपना काम बीच में नहीं छोड़ा. शिल्पा ये भी बताती हैं कि उन्हें इसी कारण से कई फिल्मों में काम मिला क्योंकि वो काफी मेहनती थीं. फिल्ममेकर्स उन्हें उनकी काम के प्रति कमिटमेंट के चलते कास्ट किया करते थे. एक्ट्रेस ने ये सबकुछ टुमारो टुडे शो यूट्यूब चैनल पर शेयर किया.
हादसे के बाद कैसे शिल्पा ने जारी रखा काम?
शिल्पा ने कहा, 'मुझे काम मिला क्योंकि लोगों ने मेरी मेहनत देखी थी. मैं हमेशा काम पूरा करके देती थी और हर हाल में सेट पर पहुंच जाती थी. एक बार मुझे शूटिंग के दौरान अपनी पीठ पर HMI लाइट से जलन हो गई थी. मुझे फ्रेम से बाहर निकलना था और पीछे एक बेबी लाइट थी. मेरी पीठ उससे छू गई.'
'जब जलन होती है, तो तुरंत पता नहीं चलता. वो एहसास थोड़ी देर बाद समझ आता है. फिर भी मैं अगले दिन फिर से काम पर पहुंच गई. अगले दिन मुझे एक खास कॉस्ट्यूम पहननी थी, लेकिन जलने की वजह से मैं उसे ठीक से नहीं पहन पा रही थी. इसलिए मैंने उसे सिर्फ आगे से पहना और पीछे से सुई-धागे से सिलवा लिया, ताकि जिप ना लगानी पड़े. मैंने अपनी जिंदगी में इतनी मेहनत की है ताकि मेरी वजह से किसी और को नुकसान ना हो.'
शिल्पा ने अपने करियर की शुरुआत शाहरुख खान की फिल्म बाजीगर से की थी, जो 1993 में आई. पिछले 32 सालों में एक्ट्रेस ने लगभग 60 फिल्में की हैं, जिसमें से अधिकतर आइकॉनिक रहीं. बात करें शिल्पा शेट्टी के वर्क फ्रंट की, तो एक्ट्रेस को कुछ वक्त पहले रोहित शेट्टी की वेब सीरीज इंडियन पुलिस फोर्स में देखा गया था. अब वो जल्द संजय दत्त के साथ कन्नड़ फिल्म 'केडी द डेविल' में नजर आएंगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क