रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म 'धुरंधर 2' का ट्रेलर जब से सामने आया है, इंटरनेट पर तहलका मच गया है. फिल्म में जबरदस्त एक्शन, सस्पेंस और बदले की एक दमदार कहानी दिखाई गई है, जिसने एक्साइटमेंट काफी बढ़ी दी है. हालांकि, फिल्म के भारी-भरकम एक्शन सीन्स के बीच जो एक ची सबसे ज्यादा फैंस का दिल जीत रही है, वह है इसका बैकग्राउंड ट्रैक 'आरी आरी'.
यह गाना न केवल ट्रेलर को कई गुना मजबूत बना रहा है, बल्कि सोशल मीडिया पर रील और शॉर्ट्स बनाने वालों की पहली पसंद भी बन गया है.
क्या है 'आरी आरी' का इतिहास?
बहुत से लोगों को शायद यह नहीं पता होगा कि जो 'आरी आरी' आज सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है, वह असल में एक पुराने हिट गाने का मॉडर्न अवतार है. इस गाने को मूल रूप से डेनिश-इंडियन म्यूजिक जोड़ी नवतेज सिंह रेहल और थॉमस सारडॉर्फ 'बॉम्बे रॉकर्स' ने तैयार किया था. साल 2007 के आसपास अपने पहले एल्बम 'इंट्रोड्यूसिंग' के साथ उन्होंने इसे रिलीज किया था. उस समय यह गाना भारत और डेनमार्क दोनों जगहों पर चार्टबस्टर रहा था. इसकी खासियत इसका वह अनोखा अंदाज थी, जिसमें पारंपरिक पंजाबी लोक धुन 'बारी बरसी' को हिप-हॉप बीट्स के साथ बड़े ही शानदार तरीके से जोड़ा गया था.
'धुरंधर 2' के लिए नया कंपोजिशन
अब करीब दो दशक बाद डायरेक्टर आदित्य धर ने इस सदाबहार गाने को 'धुरंधर 2' के लिए वापस लाकर पुरानी यादों को ताजा कर दिया है. फिल्म के इस नए वर्जन को फेमस म्यूजिक डायरेक्टर शाश्वत सचदेव ने कंपोज और प्रोड्यूस किया है. इसमें ओरिजिनल बॉम्बे रॉकर्स के नवतेज सिंह रेहल के साथ जैस्मीन सैंडलस, खान साब और सुधीर यदुवंशी ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा है. नए वर्जन में मॉडर्न प्रोडक्शन और रैप के तड़के ने इसे आज के दौर के हिसाब से एकदम परफेक्ट और हाई-एनर्जी ट्रैक बना दिया है.
'धुरंधर: द रिवेंज' में केवल रणवीर सिंह का जलवा ही नहीं है, बल्कि यह फिल्म अपनी स्टारकास्ट को लेकर भी चर्चा में है. फिल्म में आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म की रिलीज को लेकर अब गिनती के दिन बचे हैं. 'धुरंधर 2' दुनिया भर के सिनेमाघरों में 19 मार्च को दस्तक दे रही है.
ट्रेलर और गाने को मिल रहे जबरदस्त रिस्पॉन्स को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि यह फिल्म इस साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हो सकती है. 'अरी अरी' तो अभी से ही साल का सबसे बड़ा वायरल ट्रैक बनने की दौड़ में सबसे आगे निकल चुका है.
aajtak.in