डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' का टीजर कुछ ही देर में लॉन्च होने वाला है. आज यानी 2 अप्रैल को फिल्म के हीरो रणबीर कपूर को भगवान राम के अवतार में पहली बार देखा जाएगा. पिक्चर की पहली झलक पाने के लिए फैंस बेताब हैं. टीजर लॉन्च इवेंट की तैयारी पहले से ही हो चुकी है. दिल्ली, मुंबई के साथ-साथ चेन्नई, मेरठ, कोलकाता, अहमदाबाद समेत कई अन्य शहरों के सिनेमाघरों में 'रामायण' का टीजर लॉन्च किया जाने वाला है. मीडिया के साथ-साथ ऑडियंस भी इसका हिस्सा बनेगी.
मुंबई में मंच सज चुका है और रणबीर कपूर एक बार फिर स्क्रीन पर छाने को तैयार हैं. भारतीय सिनेमा के सौ सालों में 'रामायण' की कथा पर दर्जनों फिल्में बन चुकी हैं. इनमें अनगिनत एक्टर्स ने भगवान राम का रोल निभाया है. एक दिलचस्प संयोग ये है कि बॉलीवुड में रामायण पर बनी पहली टॉकी यानी आवाज वाली फिल्म में भी कपूर खानदान के एक सदस्य ने भगवान राम का किरदार निभाया था. उस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता मिली थी. इसने कई सितारों करियर को नई ऊंचाई भी दी थी.
किसने पहले निभाया था भगवान राम का रोल?
हम बात कर रहे हैं 1934 में आई फिल्म 'सीता' की. ये उस समय की बात है जब भारत में टॉकीज शुरू हुए महज तीन साल बाद हुए थे. फिल्ममेकर देबकी बोस ने रामायण के उत्तर कांड पर आधारित फिल्म 'सीता' बनाई थी. यह बंगाली भाषा की पहली प्रमुख टॉकी फिल्मों में से एक थी, जिसे बाद में हिंदी में भी बड़े पैमाने पर रिलीज किया गया. यह उन शुरुआती फिल्मों में शामिल थी, जो भाषा की सीमाओं को पार करने में सफल रही.
फिल्म 'सीता' का प्रीमियर 1934 में हुए वेनिस फिल्म फेस्टिवल में हुआ था. ये वेनिस फिल्म फेस्टिवल में जाने वाली भारत की पहली टॉकी फिल्म थी. फिल्म के निर्देशक को इस प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल में डिप्लोमा अवॉर्ड से सम्मानित भी किया गया था. 'सीता' में मराठी सिनेमा की जानी मानी एक्ट्रेस दुर्गा खोटे की लीड रोल में देखा गया था. ये मराठी सिनेमा के बाहर उनका पहला रोल था. बाद में दुर्गा खोटे बॉलीवुड की जानी मानी कैरेक्टर आर्टिस्ट बन गईं और 'मुगल-ए-आजम', 'बॉबी', 'कर्ज' और 'अभिमान' जैसी फिल्मों में उन्हें देखा गया.
'सीता' में 28 साल पृथ्वीराज कपूर ने भगवान राम का किरदार निभाया था. उस समय तक पृथ्वीराज कपूर 'आलम आरा' जैसी फिल्म से सफलता हासिल कर चुके थे और 'सीता' ने उन्हें उस दौर के टॉप स्टार्स में मजबूती से स्थापित कर दिया. पृथ्वीराज कपूर के छोटे भाई त्रिलोक कपूर ने भगवान राम के बेटे लव का किरदार निभाया. इसी फिल्म से उन्होंने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी.
कपूर परिवार से फिल्मी दुनिया में कदम रखने वाले ये दोनों पहले एक्टर्स थे. बाद में पृथ्वीराज के बेटे राज कपूर, शम्मी कपूर और शशि कपूर बॉलीवुड के सुपरस्टार बने. अब पृथ्वीराज के पर पोते रणबीर कपूर, अपने खानदान की लेगेसी को आगे ले जाते हुए भगवान राम का रोल निभाने को तैयार हैं.
पृथ्वीराज कपूर खुद एक नाटककार और फिल्म एक्टर थे. उन्होंने पृथ्वी थिएटर की स्थापना की थी. 'सिकंदर', 'मुगल-ए-आजम', 'आवारा' जैसी क्लासिक फिल्मों में पृथ्वीराज ने काम काम किया. 'मुगल-ए-आजम' में उन्हें 26 साल बाद फिर दुर्गा खोटे के साथ बड़े पर्दे पर देखा गया था. इसमें दोनों ने पति-पत्नी का रोल निभाया था. ये फिल्म उस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक थी. आगे चलकर ये क्लट क्लासिक कहलाई.
नई फिल्म 'रामायण' की बात करें तो इसका निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं. इसके प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा हैं. फिल्म में रणबीर कपूर के साथ यश, साई पल्लवी सीता, रवि दुबे, सनी देओल संग अन्य सितारे अहम रोल्स में हैं. पिक्चर को दो हिस्सों में बनाया जा रहा है. इसका पहला पार्ट दिवाली 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा पार्ट साल 2027 में दिवाली के मौके पर आएगा.
aajtak.in