'दया नहीं वक्त चाहिए...' जेल से बाहर आने के बाद बोले राजपाल यादव, छलका दर्द

राजपाल यादव को दिल्ली हाईकोर्ट ने 9 करोड़ के पुराने कर्ज केस में अंतरिम जमानत दे दी है. उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताया और कहा कि सच जल्द ही सामने आएगा.

Advertisement
राजपाल यादव हुए इमोशनल (PHOTO: Instagram @rajpalofficial) राजपाल यादव हुए इमोशनल (PHOTO: Instagram @rajpalofficial)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 19 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 1:27 PM IST

बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को कर्ज विवाद से जुड़े मामले में अदालत से जमानत मिल गई है. वो करीब 12 दिन तक जेल में रहे. दिल्ली हाईकोर्ट ने 9 करोड़ के पुराने कर्ज के केस में उन्हें अंतरिम जमानत दी है. कोर्ट के फैसले के बाद एक्टर ने मीडिया से बात की और कहा सच जल्द ही सामने आएगा. 

क्या बोले राजपाल 
ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा आप सबकी सहानुभूति पाई है. इसी वजह से तो मैं आज यहां हूं, लेकिन सहानुभूति से ज्यादा मुझे वक्त चाहिए. वक्त बहुत अच्छा जज है. ये सही फैसला करता है. जो भी हो, वक्त पूरा सच सामने लाएगा. दूध को पानी से अलग करके, जो शुद्ध है वो दिखा देगा. और मैं हमेशा अपने देश के कानून का पालन करूंगा. कानून जहां-जब भी कहेगा, मैं मानूंगा. मैं हमेशा मौजूद रहूंगा. 

Advertisement

एक्टर ने कहा कि उनका न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है. उन्होंने मुश्किल वक्त में साथ खड़े फैंस और शुभचिंतकों का शुक्रिया अदा किया.

राजपाल यादव ने कहा कि जो मामला अभी हाई कोर्ट में चल रहा है. उसके हर कानूनी सवाल का जवाब हमारे वकील भास्कर उपाध्याय पूरे सच और फैक्ट्स के साथ देंगे. मैंने उन्हें केस की पूरी जिम्मेदारी सौंपी है. मैं भी जल्दी प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा और पूरे देश के मीडिया से जुड़ूंगा. अभी तो वक्त ही नहीं मिला. 

अदा किया शुक्रिया 
राजपाल यादव ने खुद को बचपन से "छोटा बीज" बताया, जिसे बच्चों, बूढ़ों और युवाओं के आशीर्वाद से सींचा गया है. भूल भुलैया स्टार ने कहा कि अगले साल हिंदी सिनेमा में उनके 30 साल पूरे हो जाएंगे और वो सालों की मिली मोहब्बत और इज्जत के लिए शुक्रगुजार हैं. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जो भी मुझसे जुड़े हैं, अपने तन, मन, धन से उनका दिल की गहराइयों से शुक्रिया. और जो सोशल मीडिया पर नहीं हैं, लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं. हमारे इंडियन सिनेमा वाले भाई-लोगों की लंबी लिस्ट है, उन सबका भी दिल से शुक्रिया. 

Advertisement

राजपाल ने बेहतर भविष्य की उम्मीद जताई. उन्होंने कहा कि जिंदगी में हर दिन नया सबक लाता है और वो जल्द केस का सच सामने लाएंगे. वो कहते हैं कि हर दिन शुरुआत है. हर दिन सीखने का दिन है. हर दिन नया दिन है. 

राजपाल यादव ने जेल में स्मोकिंग जोन बनाने की मांग भी की. उन्होंने कहा कि मैं स्मोकिंग को प्रमोट नहीं कर रहा हूं, लेकिन जेल में एक स्मोकिंग जोन जरूरी है. जेलों में भी रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट की तरह स्मोकिंग के लिए अलग जगह होनी चाहिए. कैदी को अपराधी की तरह देखना जरूरी नहीं है. 

एक्टर इन दिनों यूपी के शाहजहांपुर में अपनी भतीजी की शादी में हैं. दिल्ली हाई कोर्ट ने जरूरी रकम जमा करने के बाद उन्हें अंतरिम जमानत दी थी. अगली सुनवाई 18 मार्च को है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement