बॉलीवुड के मशहूर एक्टर राजपाल यादव की निजी जिंदगी में उतार-चढ़ाव चल रहे हैं. जेल से रिहा होने के बाद वो शाहजहांपुर में अपनी भतीजी की शादी में शामिल हुए. जश्न के माहौल में राजपाल यादव ने जेल की कड़वीं यादें भुलाकर भतीजी की शादी में रौनक जमाई. शादी वाले घर में उन्होंने कभी ठुमके लगाए, तो कभी मेहमानों के लिए रोटी बनाकर सबको चौंकाया. शाहजहांपुर से उनका नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वो भतीजी की विदाई में भावुक होते दिख रहे हैं.
रो पड़े राजपाल यादव
राजपाल यादव वो कलाकार हैं, जो अपने कैरेक्टर्स के जरिए लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं. भतीजी की शादी में भी वो सबके चेहरे पर खुशियां लाते दिखे. उन्हें देखकर कहीं से भी नहीं लगा कि वो किसी परेशानी में हैं. पर हां शादी में एक पल ऐसा आया, जब वो अपने आंसू नहीं रोक पाए. वो लम्हा विदाई का था. भतीजी की विदाई के दौरान राजपाल अपने आंसू नहीं रोक पाए और वो रो पड़े. भतीजी भी अपने चाचा के गले लगकर खूब रोई. भावुक पल में एक्टर ने खुद को संभाला और भतीजी को आशीर्वाद देकर ससुराल भेजा.
राजपाल यादव की आंखों में आंसू देखकर शादी में मौजूद लोग भी इमोशनल दिखे. वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, फैन्स भी इमोशनल हो गए. फैन्स का कहना कि राजपाल फैमिली मैन हैं, जिन्हें रिश्तों की कद्र है. एक्टर ने जिस तरह शादी के कामों में हाथ बंटाया. वो चीज फैन्स का दिल छू रहा है.
क्यों विवादों में राजपाल?
2012 में राजपाल यादव की फिल्म 'अता पता लापता' रिलीज हुई थी, जिसे बनाने के लिए उन्होंने मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही और एक्टर ने बिजनेसमैन को उसका कर्ज नहीं चुकाया. 5 करोड़ का कर्ज अब 9 करोड़ का हो चुका है. कई सालों तक इंतजार करने के बाद कंपनी ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा था. 12 दिन जेल में गुजारने के बाद वो जमानत पर रिहा हो गए. केस की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी.
aajtak.in