राजपाल यादव तिहाड़ जेल से बाहर आ चुके हैं. 12 दिन सलाखों के पीछे रहने के बाद उन्हें रिहाई मिल गई है. 9 करोड़ के कर्ज मामले में उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिली है. 17 फरवरी को जेल से बाहर निकलने के बाद राजपाल ने उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उनके मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया. साथ ही राजपाल ने इंडस्ट्री से काम भी मांगा.
राजपाल ने क्या कहा?
राजपाल यादव ने इंडिया टीवी संग बातचीत में उन्हें प्यार देने के लिए सभी फैंस का शुक्रिया अदा किया. एक्टर बोले- मुझे सपोर्ट करने के लिए आप लोगों का बहुत शुक्रिया. बच्चों से लेकर हर पीढ़ी के लोगों ने...भारतीय सिनेमा में मेरे इस सफर में मुझे बहुत प्यार दिया है. उसके लिए मैं आप सभी का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं.
'मैं आप लोगों की दुआ और आशीर्वाद की वजह से आगे बढ़ा हूं. मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर मेरा समर्थन किया और उनका भी जिन्होंने मेरी आलोचना की.' राजपाल ने आगे कहा कि वो उन लोगों के भी समान रूप से आभारी हैं, जो ऑनलाइन एक्टिव नहीं हैं, मगर फिर भी उन्होंने उनके लिए प्रार्थना की.
राजपाल ने इंडस्ट्री से मांगी मदद
राजपाल यादव ने इंडस्ट्री से उन्हें काम देने की भी अपील की है. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पहले उनकी मदद की है, वो एक बार फिर उन्हें अच्छे रोल्स देकर उन्हें सपोर्ट कर सकते हैं. राजपाल बोले- जिन्होंने मदद की है, वो एक और मदद कर दें. किरदार मेरी मर्जी का और पैसा उनकी मर्जी का.
राजपाल यादव ने बातचीत के दौरान जेल में रहने का एक्सपीरियंस भी साझा किया. उन्होंने बताया- तिहाड़ जेल अच्छी तरह मैनेज किया गया है. वहां का खाना काफी अच्छा था.
राजपाल यादव फिलहाल भतीजी की शादी के लिए अंतरिम जमानत पर बाहर आ गए हैं. मगर उनकी मुश्किलें कम नहीं हुई हैं, क्योंकि उन्हें 18 मार्च तक के लिए ही जमानत मिली है.
क्यों जेल गए थे राजपाल?
राजपाल यादव की बात करें तो उन्हें चेक बाउंस केस में जेल जाना पड़ा था. राजपाल ने डेब्यू डायरेक्टोरियल फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये लिए थे. मगर फिल्म फ्लॉप होने की वजह से वो पैसे लौटा नहीं पाए. जिस वजह से एक्टर पर लीगल एक्शन लिया गया और अंत में उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा. हालांकि, फिलहाल वो अंतरिम जमानत पर बाहर आ चुके हैं.
aajtak.in