अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' का हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा है. इसके पीछे की वजह उनका फिल्ममेकर प्रियदर्शन संग कोलैब है. दोनों करीब 16 साल के बाद वापस लौटे हैं. कॉमेडी फिल्मों के धुरंधर माने गए प्रियदर्शन भी लंबे वक्त से एक हिट कॉमेडी फिल्म की तलाश में भटक रहे हैं.
प्रियदर्शन की फिल्म 'भूत बंगला' की चर्चा
फिल्म 'भूत बंगला' का टीजर हाल ही में सामने आया, जिसने फैंस के मन में उम्मीद की किरण जगा दी है. अक्षय और प्रियदर्शन की क्लासिक कॉमेडी वापस स्क्रीन पर देखकर उनका मन काफी खुश हुआ है. टीजर के बाद से हर कोई इस कोशिश में जुटा है कि उन्हें कहीं ना कहीं से फिल्म की स्टोरी पता चल जाए. तो घबराए नहीं, फिल्म के डायरेक्टर प्रियदर्शन ने खुद इसकी स्टोरी रिवील कर दी है.
प्रियदर्शन ने मिस मालिनी को दिए अपने हालिया इंटरव्यू में हॉरर-कॉमेडी जॉनर की शुरुआत करने पर बात की. उन्होंने कहा कि उनकी 'भूल भुलैया' के बाद से कई लोगों ने हॉरर-कॉमेडी फिल्में बनानी शुरू कीं. ये अब ट्रेंड बन चुकी है, ऐसे में उनके पास 'भूत बंगला' बनाने के लिए कोई आइडिया नहीं बचा था.
डायरेक्टर ने कहा, 'भूल भुलैया के बाद, हॉरर-कॉमेडी जॉनर एक ट्रेंड बन चुका है. तो मेरे पास नए आइडियाज की कमी पड़ गई कि मैं अब अगली कौनसी फिल्म बनाऊं या किस जॉनर पर बनाऊं. इसलिए जब मैं भूत बंगला पर काम कर रहा था, तब मैंने सोचा कि अब मैं क्या नया करूं? तब ख्याल आया कि अब मुझे फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म बनाने की कोशिश करनी चाहिए. इसमें ऐसा है कि लोग जैसे भूत, काले जादू में विश्वास रखते हैं. यहां अंधविश्वास, लोक कथा जैसी चीजें भी होती हैं, तो उसे एक बेस लेकर हमने एक इंग्लिश वेयरवुल्फ जैसी फिल्म बनाने की कोशिश की है जिसमें कॉमेडी भी हो. ऐसे सब कॉम्बिनेशन को मिलाकर भूत बंगला बनाई गई है.'
'भूत बंगला' के बाद फिल्में नहीं बनाएंगे प्रियदर्शन?
प्रियदर्शन आगे कहते हैं कि अगर लोगों को उनकी फिल्म 'भूत बंगला' पसंद आती है, तो वो ऐसी ही और फिल्में बनाएंगे. वरना वो फिल्में बनाने को 'गुडबाय' कह देंगे. डायरेक्टर ने कहा, 'मैं उम्मीद करता हूं कि लोग मेरा ये आइडिया स्वीकार करें. अगर ये फिल्म अच्छी चलती है, तो मुझमें थोड़ा और कॉन्फिडेंस आएगा. वरना मैं गुडबाय कह दूंगा. एक डायरेक्टर हमेशा लोगों के दिमाग में आगे बढ़ता रहता है. अगर वो आपको रिजेक्ट करने लगते हैं, तो आप खुद गुडबाय कहकर निकल जाओ. तबतक आप आगे बढ़ते रहो.'
बात करें फिल्म 'भूत बंगला' की, तो ये 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली है. फिल्म में अक्षय के साथ-साथ परेश रावल, राजपाल यादव, मनोज जोशी, असरानी जैसे दिग्गज कॉमिक एक्टर्स हैं. वहीं तब्बू और वामिका गब्बी मेन लीड हीरोइन्स में नजर आएंगी.
aajtak.in