अमेरिका के लॉस एंजेलिस में ऑस्कर अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन हुआ. यहां कई दिग्गज हॉलीवुड कलाकारों ने अपनी दमदार एक्टिंग के लिए अकैडमी अवॉर्ड यानी ऑस्कर जीता. इस सेरेमनी में एक खास सेगमेंट उन दिवंगत एक्टर्स के लिए भी रखा गया, जिन्होंने सिनेमा जगत में अपने योगदान से कई मुकाम हासिल किए.
धर्मेंद्र को नहीं दी गई श्रद्धांजलि
ऑस्कर अवॉर्ड में मेमोरियम सेगमेंट की बहुत अहमियत होती है. इसमें पिछले साल गुजर चुके दुनियाभर के कलाकारों को श्रद्धांजलि दी जाती है. इस साल ऑस्कर 2026 में साल 2025 के उन कलाकारों को श्रद्धांजलि दी गई, जिनकी मौत ने सभी को उदास किया. हालांकि इस लिस्ट में बॉलीवुड के किसी भी दिग्गज कलाकार का जिक्र नहीं हुआ.
साल 2025 में बॉलीवुड ने अपना सबसे बड़ा सितारा लेजेंडरी एक्टर धर्मेंद्र को खोया था. उनका जाना इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा धक्का था. मगर उन्हें ऑस्कर 2026 में श्रद्धांजलि नहीं दी गई, यहां तक कि उनके नाम का जिक्र भी सेरेमनी में नहीं हुआ. सिर्फ हॉलीवुड के कलाकारों को ही श्रद्धांजलि दी गई. इस बात से इंडियन फैंस बेहद नाराज दिखाई दिए. सोशल मीडिया पर उनका गुस्सा देखा जा सकता है.
एक यूजर ने लिखा है, 'ऑस्कर ने पिछले साल गुजरे लोगों की लिस्ट दिखाई, लेकिन धर्मेंद्र का नाम नहीं लिया. वो इंडियन सिनेमा के महान कलाकार थे, जिन्होंने अपनी पूरी जिंदगी फिल्मों को दी. इतनी हाईप क्यों, जब हमारे बड़े सितारों को कोई पहचान नहीं मिलती? आखिर ये मुख्य रूप से हॉलीवुड का शो है, सच में इंटरनेशनल नहीं.'
ऑस्कर अवॉर्ड्स में पहले बॉलीवुड सितारों को याद किया जा चुका है. श्रीदेवी, इरफान, शशि कपूर, समेत कई कलाकारों को मेमोरियम सेगमेंट के जरिए श्रद्धांजलि दी गई थी. मगर धर्मेंद्र का ऑस्कर्स में कोई जिक्र ना होना, ये बहुत सरप्राइजिंग बात थी. एक्टर को इससे पहले BAFTA अवॉर्ड्स में सिनेमा जगत में किए गए उनके योगदान को सलामी दी गई थी.
मेमोरियम लिस्ट में था धर्मेंद्र का नाम
ऑस्कर में दिखाई गई श्रद्धांजलि वीडियो में धर्मेंद्र की गैर मौजूदगी ने लोगों को परेशान जरूर किया है. लेकिन अकैडमी अवॉर्ड्स ने उन्हें अपनी वेबसाइट पर खास याद किया है. धर्मेंद्र के अलावा बॉलीवुड में 'भारत' के नाम से मशहूर रहे मनोज कुमार का भी नाम शामिल है. बी. सरोजा देवी और कोटा श्रीनिवास राव को भी अकैडमी अवॉर्ड्स ने वेबसाइट के जरिए श्रद्धांजलि दी है.
aajtak.in