बॉलीवुड की 'पंगा क्वीन' यानी कंगना रनौत एक बार फिर अपने तीखे बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं. अक्सर अपनी बेबाकी से बी-टाउन के दिग्गजों की नींद उड़ाने वाली कंगना ने इस बार करण जौहर, अनुराग कश्यप और आदित्य चोपड़ा जैसे बड़े नामों पर सीधा निशाना साधा है.
कंगना ने न केवल फिल्ममेकर्स की पसंद पर सवाल उठाए, बल्कि स्टार किड्स को लेकर भी अपना वही पुराना और सख्त अंदाज बरकरार रखा. कंगना का यह नया तेवर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है, जिससे करण जौहर के साथ उनकी पुरानी दुश्मनी की आग एक बार फिर भड़क उठी है.
फिल्ममेकर्स का उड़ाया मजाक
न्यूज 18 राइजिंग भारत समिट के दौरान जब रैपिड-फायर राउंड में कंगना से पूछा गया कि अनुराग कश्यप, करण जौहर और आदित्य चोपड़ा में से वह किसे बेहतर डायरेक्टर मानती हैं, तो उन्होंने किसी का नाम लेने के बजाय सवाल पूछने वाले का ही मजाक उड़ा दिया. कंगना ने दो-टूक शब्दों में कहा कि फिल्म मेकिंग और एक्टिंग को लेकर उनकी पसंद के स्टैंडर्ड इतने निचले स्तर के नहीं हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कम से कम उनके सामने एक बेहतर लिस्ट तो रखी जा सकती थी.
खान्स दोस्त कब बन गए?- कंगना
जब बात बॉलीवुड के 'तीन खान'—सलमान, शाहरुख और आमिर—की आई, तो कंगना से पूछा गया कि वह दोस्ती के लिहाज से किसे चुनेंगी. इस पर उन्होंने हैरानी जताते हुए मजाकिया लहजे में कहा, 'ये मेरे दोस्त कब से बन गए?' हालांकि, उन्होंने सलमान खान का जिक्र करते हुए उन्हें 'कूल' बताया.
स्टार किड्स पर भी तंज
बॉलीवुड की नई पीढ़ी और नेपोटिज्म पर हमेशा हमलावर रहने वाली कंगना से जब अनन्या पांडे, जान्हवी कपूर और सारा अली खान में से बेहतर एक्ट्रेस चुनने को कहा गया, तो उन्होंने हंसते हुए अनन्या पांडे का नाम लिया. हालांकि उनके हंसने के अंदाज से यह साफ झलक रहा था कि वह इस सवाल को गंभीरता से नहीं ले रही थीं.
बता दें कि कंगना और करण के बीच लंबे समय से झगड़ा कई साल पुराना है, जो 2017 में तब शुरू हुआ जब उन्होंने उनके चैट शो, कॉफी विद करण में उन्हें 'नेपोटिज्म का झंडाबरदार' कहा था. उन्होंने आरोप लगाया था कि करण बाहरी लोगों (आउटसाइडर्स) के करियर को बर्बाद करने की कोशिश करते हैं और केवल स्टार किड्स को ही प्रमोट करते हैं. तब से लेकर आज तक दोनों के बीच जुबानी जंग का सिलसिला थमा नहीं है.
कंगना रनौत का वर्क फ्रंट
फिल्मों की बात करें तो कंगना आखिरी बार इमरजेंसी में दिखी थीं. जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की बायोपिक थी. जिसे मिले-जुले रिव्यू मिले थे और बॉक्स-ऑफिस पर इसे ठंडा रिस्पॉन्स मिला था.
aajtak.in