आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रही है. ये 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अभी तक चल रही है. इससे पहले दिसंबर 2025 में फिल्म 'धुरंधर' आई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर आग लगा दी. दर्शक आदित्य धर की निर्देशन और उनकी ग्रिपिंग कहानी के दीवाने हो गए. दोनों फिल्मों ने कई रिकॉर्ड तोड़े हैं और इतिहास रच दिया है. अब इस ब्लॉकबस्टर फिल्म की तारीफ कंगना रनौत ने की है.
कंगना को पसंद आई धुरंधर
कंगना रनौत ने आर माधवन की भी खूब प्रशंसा की. माधवन ने 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के डायरेक्टर अजय सान्याल का रोल निभाया है. अपने काम के लिए उन्हें काफी सराहना मिल रही है. उनका किरदार भारत के असल जिंदगी के नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर अजीत डोभाल से प्रेरित है. एक एजेंसी संग बात करते हुए कंगना रनौत ने कहा कि उन्होंने माधवन को फिल्म में 'बहुत शानदार' पाया. एक्ट्रेस ने कहा कि माधवन ने रोल को बखूबी निभाया हैं और उनका अभिनय असली अजीत डोभाल के काफी करीब था.
कंगना ने कहा, 'माधवन फिल्म में बेहतरीन थे. मैं अजीत डोभाल जी से मिल चुकी हूं, उनका व्यक्तित्व बहुत विशाल है. मुझे लगता है कि अजीत डोभाल पर पूरी तरह से अलग फिल्म बननी चाहिए. तभी कोई एक्टर उनके किरदार को न्याय दे पाएगा. लेकिन माधवन बहुत करीब थे. वे बहुत अच्छे एक्टर हैं.' आदित्य धर की फिल्म के बारे में और बात करते हुए कंगना ने कहा कि 'धुरंधर' ने पूरी इंडस्ट्री में नई जान फूंक दी है और नई उम्मीद जगाई है.
इंडस्ट्री में फूंकी जान - कंगना
एक्ट्रेस ने आगे कहा, 'फिल्म इंडस्ट्री एक तरह से देश से कटती जा रही थी. दर्शकों की भागीदारी घट गई थी, स्टूडियोज खाली हो रहे थे और लोग इन फिल्मों को देखना नहीं चाहते थे. साउथ इंडियन फिल्मों को ज्यादा एंट्री और पहचान मिली, खासकर अपनी संस्कृति-केंद्रित कंटेंट और क्षेत्रीय रूप से प्रासंगिक कहानियों की वजह से. ऐसी प्रासंगिक फिल्में लोग देखना चाहते हैं. देश ने ऐसी फिल्मों को पहचाना है. आप देख सकते हैं कि फिल्म ने कैसा शानदार बिजनेस किया है क्योंकि लोग अपनी कहानियां देखना चाहते थे. धुरंधर ने फिल्म इंडस्ट्री को पुनर्जीवित कर दिया है और नई उम्मीद दी है.'
इस बीच 'धुरंधर 2' अब भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने से सिर्फ 135 करोड़ रुपये दूर है. सिनेमाघरों में 28 दिनों से चल रही 'धुरंधर: द रिवेंज' ने भारत में लगभग 1099.72 करोड़ रुपये (नेट) की कमाई कर ली है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन लगभग 1316 करोड़ रुपये पहुंच गया है. यह जल्द ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2' को पीछे छोड़ने वाली है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क