IPL फैन्स इसके नए सीजन के लिए बेहद उत्साहित दिख रहे हैं. फैन्स के दिलों की धड़कनें तेज करने के लिए राजस्थान रॉयल्स ने एक वीडियो रिलीज कर दिया है. वीडियो के जरिए क्रिकेट लवर्स को एक खुशखबरी मिली है. भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा IPL 2026 से राजस्थान रॉयल्स में कमबैक कर रहे हैं. राजस्थान रॉयल्स में लौटने पर उनका ग्रैंड वेलकम किया गया.
राजस्थान रॉयल्स में लौटे रवींद्र जडेजा
रवींद्र जडेजा 10 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के प्री-सीजन कैंप में शामिल हुए और फ्रैंचाइजी ने एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में खिलाड़ी और स्टाफ जडेजा के स्वागत में जमकर तालियां बजा रहे हैं. वीडियो में जडेजा फिल्म 'धुरंधर' के एक सीन को रि-क्रिएट करते दिखे.
जडेजा कार से उतरकर स्टेज पर आते हैं. जैसे ही वो मंच पर पहुंचते हैं, वे कहते हैं, "खम्मा घणी, राजस्थान". ठीक वैसे ही जैसे फिल्म 'धुरंधर' में अक्षय खन्ना ने कहा था, "अस्सलामु अलैकुम ल्यारी". राजस्थान रॉयल्स में जडेजा के कमबैक ने फैन्स की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है. उनके चाहने एक बार फिर उन्हें टीम में परफॉर्म करता देखने के लिए बेताब हैं.
जडेजा का राजस्थान रॉयल्स में लौटना उनके करियर का खास पल है. वो 2008 में टीम के साथ थे जब उन्होंने शेन वॉर्न की कप्तानी में पहला IPL टाइटल जीता था. जडेजा ने 2008 और 2009 सीजन में रॉयल्स के लिए खेला, उसके बाद वो दूसरी टीमों में चले गए. जडेजा 2012 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में शामिल हुए और 12 सीजन तक वहां रहे. उन्होंने CSK के साथ तीन IPL टाइटल भी जीते.
ट्रेड डील से जडेजा की वापसी
जडेजा राजस्थान रॉयल्स में दो टीमों के बीच हुए ट्रेड डील से लौटे. इस डील में संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई सुपर किंग्स गए, जबकि जडेजा और सैम कुर्रन रॉयल्स में आए.
IPL 2026 में रियान पराग RR के कप्तान
कई फैंस को लग रहा था कि इस सीजन जडेजा राजस्थान रॉयल्स के कप्तान बनेंगे, लेकिन सब हैरान रह गए जब पता चला कि IPL 2026 के लिए रियान पराग को कप्तान बनाया गया है.
aajtak.in