इस साल का मार्च का महीना फैंस के लिए बेहद उत्साह और मनोरंजन से भरा होने वाला है. मार्च में मोस्ट अवेटेड फिल्म 'धुरंधर' के सीक्वल 'धुरंधर 2' को रिलीज होना है. इसके साथ बड़े पर्दे पर रॉकिंग स्टार यश की नई फिल्म 'टॉक्सिक: अ फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स' की टक्कर होने वाली है. 'टॉक्सिक' और 'धुरंधर 2' की बड़ी टक्कर के लगभग तीन हफ्ते के बाद अक्षय कुमार सिनेमाघरों में अपनी फिल्म 'भूत बंगला' के साथ दस्तक देंगे. अब पिक्चर की प्रोड्यूसर एकता कपूर ने दो बड़ी फिल्मों के क्लैश के बाद अपनी फिल्म रिलीज करने के फैसले पर खुलकर बात की है.
क्यों चुनी देर की रिलीज डेट?
डायरेक्टर प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी अक्षय कुमार स्टारर 'भूत बंगला', 10 अप्रैल को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है. आदित्य धर की 'धुरंधर 2' और यश की 'टॉक्सिक', 19 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर टकराएंगी. इतने भरे हुए कैलेंडर के बावजूद, एकता का कहना है कि उनकी फिल्म की टाइमिंग जानबूझकर चुनी गई है. मीडिया इंटरैक्शन के दौरान प्रोड्यूसर ने कहा कि 'भूत बंगला' रिलीज होने तक दोनों एक्शन फिल्में अपनी अच्छी कमाई का दौर पूरा कर चुकी होंगी.
साथ ही एकता कपूर ने बताया कि अप्रैल का महीना कई परिवारों के लिए स्कूल की छुट्टियों का समय होता है. उन्होंने एक एजेंसी को दिए अपने बयान में कहा, 'जब हम अपनी फिल्म रिलीज करेंगे, तब तक धुरंधर और टॉक्सिक दोनों ने अच्छा रन लिया होगा. हमारी फिल्म तब रिलीज हो रही है जब कुछ स्कूल स्टूडेंट्स के एग्जाम खत्म हो चुके होंगे और छुट्टियों का दौर होगा.'
डेडली है अक्षय-प्रियदर्शन की जोड़ी
'भूत बंगला' के साथ अक्षय कुमार और प्रियदर्शन का 14 साल बाद रीयूनियन हो रहा है. यह एक ऐसी जोड़ी है, जिसने पहले कई बढ़िया कॉमेडी फिल्में दी हैं. बालाजी मोशन पिक्चर्स (बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड का डिवीजन) और कैप ऑफ गुड फिल्म्स के साथ प्रेजेंटेड 'भूत बंगला', काफी चर्चा में है. एकता ने इस एक्टर-डायरेक्टर जोड़ी को 'सोलमेट्स' बताते हुए कहा कि फिल्म में उनकी पुरानी सफल कॉमेडीज का असली एसेन्स है. एकता ने कहा, 'जब हमने भूत बंगला की स्क्रिप्ट लिखी और अक्षय सर के पास गए, तो उन्होंने सुना और पसंद किया. हमने उनसे सिर्फ इतना कहा कि हम चाहते हैं कि प्रियदर्शन इस फिल्म को डायरेक्ट करें, और वो तुरंत इस आइडिया पर राजी हो गए.'
प्रियदर्शन ने भी स्क्रिप्ट को बहुत उत्साह से स्वीकार किया था और शूटिंग से पहले कुछ सुधार सुझाए. एकता के अनुसार, फिल्म में एक 'विंटेज' टोन है, जो उनके पुराने सहयोग के फैंस तुरंत पहचान लेंगे. अक्षय के अलावा इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म में वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू, राजपाल यादव नजर आएंगे. वेटरन एक्टर असरानी भी इस फिल्म का हिस्सा है. ये उनकी आखिरी फिल्म है. अक्टूबर 2025 में असरानी का निधन हो गया था.
एकता ने प्रियदर्शन के कॉमिक यूनिवर्स में इन पांच एक्टर्स के कॉम्बिनेशन को 'डेडली' बताया है. जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म फ्रेंचाइजी बन सकती है, तो उन्होंने व्यावहारिक जवाब दिया, 'फ्रेंचाइजी बनाई या प्लान नहीं की जाती, अगर वो काम कर गई तो फ्रेंचाइजी बन जाती है.'
aajtak.in