कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो लोगों के ऊपर अपनी छाप ऐसे छोड़ जाती है जिसे भूल पाना मुश्किल हो जाता है. हाल ही में आई आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' भी उसी श्रेणी में आती है, जिसने लोगों को अंदर से हिलाकर रख दिया है. फिल्म का हर एक एक्टर अपने काम से छा चुका है, फिर चाहे वो मेन लीड हो या छोटा किरदार.
'धुरंधर' में आतंकवादी जहूर मिस्त्री बने एक्टर विवेक सिन्हा की भी बड़ी चर्चा हो रही है. फिल्म में उनके दो डायलॉग बड़े फेमस हो गए हैं. एक डायलॉग ऐसा है जिसमें वो हिंदू को एक डरपोक कॉम कह रहे हैं. इस एक डायलॉग ने कई लोगों के मन में उनके लिए गुस्सा भर दिया है. विवेक सिन्हा ने भले ही सिर्फ एक किरदार निभाया हो, मगर लोग सोशल मीडिया के जरिए उन्हें काफी बुरा-भला कह रहे हैं.
विवेक सिन्हा को अपने डायलॉग पर पड़ी फटकार
हाल ही में विवेक सिन्हा ने एक न्यूज एजेंसी को बताया है कि एक महिला ने उन्हें हिंदू होने के बावजूद फिल्म में आतंकवादी बनकर हिंदुओं को गाली देने पर फटकारा. उन्होंने एक्टर को मैसेज किया. विवेक ने कहा- कुछ दिन पहले मुझे इंस्टाग्राम पर एक मैसेज आया जिसमें लिखा कि आपको शर्म आनी चाहिए हिंदू होकर, चंद पैसों के लिए आप हिंदू के लिए ऐसा सब कह रहे हैं. ये एक महिला ने लिखा था. उन्होंने लिखकर छोड़ दिया, मेरा मन किया कि उन्हें जवाब दूं. मैंने पहले मन में सोचा कि नहीं जवाब देता हूं. मगर मैंने उन्हें वॉइस नोट के जरिए जवाब दिया.
विवेक ने महिला को दिए जवाब में बताया, 'मैंने उनसे कहा कि फिल्में समाज का आईना होती हैं. हम दिखाते हैं कि कैसा किरदार किस तरह दिखता है. तो अगर एक पाकिस्तान का खतरनाक आतंकवादी, जो अपनी जान की परवाह ना किए बिना इंडिया में घुस गया है और कह रहा है मुझे मार दो, मैं तो जो करूंगा वो होगा ही. ऐसे इंसान को हमें दिखाना होगा कि कोई पाकिस्तान से आकर इंडिया को धमका रहा है, उनकी सोच दिखानी होगी. वो किस इरादे से इंडिया में घुसा है, ये सब हम दिखा रहे हैं.'
'तो मैंने उन महिला से यही कहा कि अगर हमें एक ऐसे इंसान को दिखाना है, जो इस तरह से सोचता है कि हिंदू डरपोक कॉम है. तो क्या हम पाकिस्तान से आतंकवादी को बुलाएं शूटिंग के लिए? किसी आतंकवादी को फोन करके थोड़ी बुला सकते हैं. वो हमें ही करना होगा और उसे एक्ट करके दिखाना होगा. अब ऐसा थोड़ी है कि एक मर्डर करने वाले को फिल्म में दिखाना है, तो उसे हम जाकर जेल में ढूंढे कि ये कौन है जो पांच मर्डर करके बैठा है, जो वो रोल प्ले कर सके.'
बॉक्स ऑफिस पर फायर है 'धुरंधर 2'
बात करें धुरंधर द रिवेंज के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की, तो फिल्म ने 11 दिनों में वर्ल्डवाइड 1365 करोड़ रुपये कमा डाले हैं. ट्रेड रिपोर्ट्स से अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म 12 दिनों में 1400 करोड़ का आंकड़ा भी आसानी से पार कर लेगी. देखना बाकी है कि धुरंधर 2 का विजय रथ कहां जाकर रुकेगा.
aajtak.in