धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, कमाई का आंकड़ा हजार करोड़ के पार जा चुका है. वहीं फिल्म के धुरंधरों को भी खूब तारीफें मिल रही हैं. इन्हीं में एक हैं उदयबीर संधू जिन्होंने फिल्म में पिंदा यानी जसकीरत रांगी के दोस्त का किरदार निभाया है. उन्होंने हाल ही में एक भावुक पोस्ट लिखा और बताया कि काफी समय से वो अपने दिल की बात शब्दों में कहने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कह नहीं पा रहे.
उदयवीर के उमड़े जज्बात
आदित्य धर और रणवीर सिंह की तारीफ करते हुए उन्होंने अपनी बात कही. उदयवीर ने दोनों के साथ धुरंधर के सेट की तस्वीरें शेयर कीं. और कैप्शन में अपनी बात कही. उन्होंने आदित्य को टैग करते हुए कहा कि वो हमेशा उनकी भरोसे और उनकी अच्छाई को अपने साथ रखेंगे. पहले दिन से ही आदित्य धर ने उन्हें ऐसा महसूस कराया जैसे वो यहां के ही हों. जिस तरह वो अपनी टीम को गाइड करते हैं, उनका ख्याल रखते हैं और आगे बढ़ाते हैं, वो बहुत कम देखने को मिलता है.
उदयबीर ने कहा कि आदित्य उनके लिए एक सच्चे मेंटर रहे हैं और कई बार बड़े भाई जैसे भी लगे—जो हमेशा ध्यान रखते हैं, मोटिवेट करते हैं और बेहतर करने के लिए पुश करते हैं. उन्होंने ये भी कहा कि फिल्म के सेट पर आदित्य का शांत और कॉन्फिडेंट अंदाज उनसे बहुत कुछ सिखा गया.
उन्होंने 'पिंदा' का रोल देने और उन पर भरोसा करने के लिए आदित्य धर का दिल से धन्यवाद किया और कहा कि ये पल वो हमेशा याद रखेंगे. उनके मुताबिक आदित्य एक बेहतरीन डायरेक्टर ही नहीं, बल्कि उससे भी अच्छे इंसान हैं.
दोस्त से बढ़कर हैं रणवीर
इसके बाद उन्होंने रणवीर सिंह के लिए लिखा कि 'धुरंधर' ने उन्हें बहुत कुछ दिया, लेकिन रणवीर के साथ काम करना सबसे खास अनुभव रहा. उन्होंने रणवीर को बेहद दयालु, सपोर्टिव और दिलदार बताया. उदयबीर ने कहा कि रणवीर ने हमेशा उनका ख्याल रखा, उन्हें कम्फर्टेबल फील कराया और बिना जताए उनकी मदद और गाइडेंस करते रहे. उन्होंने कभी उन्हें छोटा महसूस नहीं कराया और कभी ईगो नहीं दिखाई.
आखिर में उन्होंने कहा कि सीखने के इस दौर में रणवीर का ये सपोर्ट उनके लिए बहुत मायने रखता है. उन्होंने रणवीर को बड़े भाई जैसा बताया और कहा कि उनके साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिलने के लिए वो दिल से शुक्रगुजार हैं.
aajtak.in