धुरंधर 2 का पब्लिक के बीच ऐसा क्रेज मचा हुआ है कि थियेटर्स में हंगामा हो रहा है. बीती रात फिल्म के पेड प्रीव्यू शोज रखे गए थे. लेकिन नोएडा के DLF मॉल में फिल्म देखने आई ऑडियंस को निराशा हाथ लगी. 3 महीने के लंबे इंतजार के बाद जब फाइनली वो धुरंधर 2 देख रहे थे, तभी टेक्निकल ग्लिच आ गया, इससे उनके फर्स्ट डे फर्स्ट शो में बड़ी खलल पड़ गई.
नोएडा के मॉल में हंगामा
नोएडा के DLF मॉल में फिल्म धुरंधर 2 का सेकंड हाफ शुरू नहीं होने पर दर्शकों में भारी नाराजगी देखने को मिली. देर रात फिल्म देखने पहुंचे लोगों ने मॉल परिसर में हंगामा किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, इंटरवल के बाद फिल्म का दूसरा हिस्सा काफी देर तक शुरू नहीं हुआ, जिससे दर्शक भड़क उठे. हालात बिगड़ने की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला.
पुलिस के मुताबिक, पूरी समस्या तकनीकी खराबी के कारण हुई थी. तकनीकी दिक्कत दूर न हो पाने की वजह से फिल्म का सेकंड हाफ रद्द करना पड़ा. पुलिस ने बताया कि मौके पर मौजूद सभी दर्शकों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया और उन्हें घर भेज दिया गया. फिलहाल मॉल में शांति व्यवस्था कायम है.
नोएडा के पीवीआर सुपरप्लेक्स DLF: IMAX में धुरंधर 2 का शो बिल्कुल भी नहीं चला. कई स्क्रीन्स पर पहला शो देर से शुरू हुआ और बड़ी मुश्किल से पूरा हो पाया. उन स्क्रीन्स पर दूसरे शो भी रद्द कर दिए गए हैं. एक-दो लोगों ने हंगामा करने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस को दखल देना पड़ा. थियेटर मैनेजर ने कहा कि रिफंड प्रोसेस किया है.
इससे पहले कई जगहों पर फिल्म के तेलुगु और तमिल शोज को कंटेंट की डिलीवरी न होने की वजह से कैंसिल करना पड़ा था. फिल्म को लेकर काफी बज है. इंटरनेट पर इस वक्त सिर्फ और सिर्फ धुरंधर 2 ही ट्रेंड कर रही है. बस इसी फिल्म की बात हो रही है. सेलेब्स ने भी धुरंधर 2 देखकर इसका रिव्यू किया है. हर कोई कलाकारों की एक्टिंग और आदित्य धर के डायरेक्शन की तारीफ करते दिख रहा है. ट्रेड एनालिस्ट्स का अनुमान है कि ये मूवी सभी पुराने रिकॉर्ड्स तोड़ने वाली है.
aajtak.in