इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' की जबरदस्त चर्चा है, लेकिन इस कामयाबी के बीच सेंसरशिप को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है. जाने-माने एक्टर और डायरेक्टर दीपक तिजोरी ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के काम करने के तरीके पर तीखा हमला बोला है.
एक्टर का गुस्सा खासकर फिल्मों में इस्तेमाल होने वाली भाषा और गालियों को 'आधा-अधूरा म्यूट' करने को लेकर फूटा है. उनका कहना है कि जब एक फिल्म को पहले ही 'A' यानी वयस्कों (Adult Only) के लिए सर्टिफाइड कर दिया जाता है, तो फिर उसमें शब्दों को काटकर दर्शकों के अनुभव के साथ खिलवाड़ करने का क्या तुक है?
इंस्टाग्राम पर दीपक तिजोरी का पोस्ट
दीपक तिजोरी ने इंस्टाग्राम पर एक शेयर करते हुए सेंसरशिप के विरोधाभासों पर रोशनी डाली. उन्होंने हैरानी जताई कि थिएटर में रिलीज के वक्त गालियों को म्यूट कर दिया जाता है, लेकिन वही फिल्म जब कुछ समय बाद OTT प्लेटफॉर्म पर आती है, तो बिना किसी काट-छांट के दिखाई जाती है.
तिजोरी ने पूछा कि इस तरह की सेंसरशिप के पीछे आखिर क्या तर्क है? उनका मानना है कि जब कोई 18+ व्यक्ति टिकट खरीदकर फिल्म देखने जा रहा है, तो उसे ओरिजिनल कंटेंट देखने का हक होना चाहिए. उन्होंने इसे 'भ्रम पैदा करने वाला तरीका' बताया और कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जब वही कंटेंट खुलेआम उपलब्ध है, तो थिएटर में पाबंदी का कोई मतलब नहीं रह जाता.
सेंसर बोर्ड ने लगाए कट
सेंसर बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, 'धुरंधर 2' को सर्टिफिकेट देने से पहले करीब 21 बदलाव करने के सुझाव दिए गए थे. बोर्ड ने चार ऐसे दृश्यों को छोटा करने का आदेश दिया जिनमें सिर काटने या सिर पर गंभीर चोट लगने जैसी भयानक हिंसा दिखाई गई थी. सिर्फ विजुअल्स ही नहीं, बल्कि फिल्म के सबटाइटल्स और डायलॉग्स में भी फेरबदल कराया गया.
उदाहरण के तौर पर, नोटबंदी (Demonetisation) से जुड़े टेक्स्ट में सुधार किया गया और एक जगह जानकारी देते समय 'लाहौर' शब्द को हटाकर 'दिल्ली' लिखने को कहा गया. इन तमाम कांट-छांट के बाद फिल्म को 'ए' सर्टिफिकेट मिला, जिसकी कुल अवधि 3 घंटे 49 मिनट के करीब है.
यह फिल्म साल 2025 की सुपरहिट फिल्म 'धुरंधर' का सीक्वल है, जिसने कमाई के कई रिकॉर्ड ध्वस्त किए थे. इसमें भी रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और संजय दत्त जैसे दिग्गज कलाकार अपनी पुरानी भूमिकाओं में वापसी कर रहे हैं. फिल्म अपनी भारी-भरकम स्टार कास्ट और एक्शन की वजह से दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है. खबर है कि महज 7 दिन में फिल्म ने 1000 करोड़ रुपये कमा लिए है.
aajtak.in