हॉलीवुड के जाने माने शो 'द व्हाइट लोटस' का सीजन 4 चर्चा में बना हुआ है. माना जा रहा था कि इंडियन ब्यूटी दीपिका पादुकोण इसमें नजर आ सकती हैं. एक हालिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि दीपिका को 'द व्हाइट लोटस' के सीजन 4 के लिए अप्रोच किया गया था. उनसे ऑडिशन देने को कहा गया था. हालांकि एक्ट्रेस ने कथित तौर पर इससे इनकार कर दिया. दीपिका ने रिपोर्ट पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया है. हालांकि अफवाहों के बीच अब उन्होंने एक क्रिप्टिक नोट शेयर किया है.
दीपिका ने अफवाहों पर कसा तंज?
माना जा रहा है कि ये लंबा नोट दीपिका पादुकोण का अफवाहों के लिए जवाब है. उन्होंने पोस्ट में लिखा है, 'शांत होना सबसे जोरदार फ्लेक्स है. कोई भी अपना गुस्सा खो सकता है, जल्दी रिएक्ट कर सकता है, जोर से बोल सकता है और शोर मचा सकता है. इसमें जीरो ताकत लगती है. असली ताकत तब दिखती है जब अफरा-तफरी मचे, और आप नहीं झुकते. जब ड्रामा आपको खींचने की कोशिश करता है, और आप जमीन पर टिके रहते हैं. जब जिंदगी बार-बार आपको सुई चुभोती है, और आप फिर भी इंपल्स पर कंट्रोल चुनते हैं. हां, इसमें मेहनत लगती है.'
एक्ट्रेस ने आगे लिखा, 'इसमें गलत रिएक्शन्स को अनलर्न करना पड़ता है, असहजता के साथ बैठना पड़ता है, और इमोशन्स को शो चलाने नहीं देना पड़ता. शांत होना कमजोरी नहीं है. ये मास्टरी है. ये जानना है कि आपको कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है, सब कुछ एक्सप्लेन करने की जरूरत नहीं है, या हर किसी को रिएक्ट करने की जरूरत नहीं है. जबकि दूसरे पैनिक में एनर्जी बर्बाद कर रहे होते हैं, आप चुपचाप, स्पष्ट रूप से और उद्देश्यपूर्ण तरीके से आगे बढ़ते हैं. एक ऐसी दुनिया में जहां शोर की लत लगी हुई है, शांत रहना एक दमदार सुपरपावर है.'
दीपिका को शो में चाहते थे मेकर्स?
दीपिका का यह पोस्ट रेडिट पर वायरल हो गया है, जहां फैंस कमेंट सेक्शन में अपनी राय रख रहे हैं. इसी बीच एक सूत्र के हवाले से वैरायटी इंडिया को बताया, 'ऑडिशन्स द व्हाइट लोटस के कास्टिंग प्रोसेस का अनिवार्य हिस्सा हैं. मेकर्स एक्टर्स को साइन करने से पहले ऑडिशन करवाने के लिए बहुत उत्सुक थे. दीपिका पादुकोण ऑडिशन देने के लिए उत्सुक नहीं थीं, और यही वजह थी कि व्हाइट लोटस का मौका उन्हें गंवाना पड़ा.'
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'द व्हाइट लोटस' के मेकर्स दीपिका को सीरीज में शामिल करने के लिए काफी उत्सुक थे. उन्होंने सीजन 3 के लिए भी एक्ट्रेस को अप्रोच किया था. हालांकि उस समय दीपिका प्रेग्नेंट थीं, इसलिए उन्होंने ऑफर ठुकरा दिया था. अगर दीपिका 'द व्हाइट लोटस 4' के लिए फाइनल हो जातीं, तो यह हॉलीवुड में उनकी वापसी होती. एक्ट्रेस ने साल 2017 में विन डीजल, डॉनी येन, क्रिस वू, रूबी रोज, टोनी जा, नीना डोबरेव और टोनी कोलेट जैसे कलाकारों के साथ फिल्म 'xXx: रिटर्न ऑफ जेंडर केज' से अपना हॉलीवुड डेब्यू किया था.
aajtak.in