अक्षय कुमार स्टारर फिल्म 'भूत बंगला' 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है. इससे 14 साल के लंबे इंतजार के बाद अक्षय और डायरेक्टर प्रियदर्शन की जोड़ी बड़े पर्दे पर साथ आ रही है. कल्ट कॉमेडी फिल्में देने वाली इस कमाल की जोड़ी ने अपने इस प्रोजेक्ट से पहले ही जबरदस्त बज बना दिया है. बालाजी मोशन पिक्चर्स के सपोर्ट वाली यह फिल्म दर्शकों की एक्साइटमेंट को लगातार बढ़ा रही है. इसी बेताबी को और बढ़ाते हुए मेकर्स ने अब पिक्चर का दूसरा गाना 'तू ही दिसदा' रिलीज कर दिया है. ये गाना इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म में रोमांस का एक फ्रेश तड़का लगा रहा है.
रिलीज हुआ अक्षय-वामिका का रोमांटिक गाना
'भूत बंगला' से पहले 'राम जी आके भला करेंगे' गाना रिलीज हुआ है. इसे दर्शकों ने काफी पसंद किया. अब 'तू ही दिसदा' गाना आया है, जिसमें अक्षय कुमार और वामिका गब्बी को रोमांस करते देखा जा सकता है. यह गाना दोनों की खूबसूरत केमिस्ट्री को कमाल के विजुअल्स के साथ पेश करता है. झरनों, हरियाली और खूबसूरत पहाड़ों के बैकड्रॉप पर सेट यह ट्रैक सुकून देने वाला है. साथ ही रोमांटिक अहसास भी कराता है. यह एक कूल और ब्रीजी गाना है, जो 'समर लव' के लिए एकदम परफेक्ट है.
गाने की खूबसूरती को और बढ़ाती है सिंगर अरिजीत सिंह और निकिता गांधी की आवाज. दोनों की रूहानी आवाज विजुअल्स में एक गहराई और इमोशन जोड़ती है. इसका प्रेजेंटेशन बहुत ही नेचुरल और दिखने में शानदार है. यही आपको डायरेक्टर प्रियदर्शन के सिग्नेचर स्टोरीटेलिंग स्टाइल की एक झलक देता है. इस गाने को देखने में आपको जरूर मजा आएगा. साथ ही ये आपकी जुबान पर भी चढ़ जाएगा.
हाल ही में 'भूत बंगला' के मेकर्स ने फिल्म का टीजर रिलीज किया था. इसने इंटरनेट पर आते ही तहलका मचा दिया था. दर्शक अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की वापसी, उनके क्लासिक कॉमिक वन-लाइनर्स और हॉरर के इस मेल को देखने के लिए बहुत एक्साइटेड हैं. परेश रावल, असरानी और राजपाल यादव जैसे दिग्गज एक्टर्स भी इस फिल्म में नजर आएंगे.
बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड के डिवीजन, बालाजी मोशन पिक्चर्स ने केप ऑफ गुड फिल्म्स के साथ मिलकर 'भूत बंगला' को प्रोड्यूस किया है. इसमें अक्षय कुमार, वामिका गब्बी के अलावा एक्ट्रेस तब्बू भी लीड रोल में हैं. प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म को आप 10 अप्रैल से सिनेमाघरों में देख पाएंगे.
aajtak.in