राजपाल यादव कुछ महीनों पहले अचानक विवादों में तब आए जब उन्हें 9 करोड़ रुपये के चेक-बाउंस केस में तिहाड़ जेल जाना पड़ा. ये वक्त एक्टर और उनके परिवार के लिए काफी मुश्किल था. मगर इंडस्ट्री से उन्हें काफी सपोर्ट मिला, जिसके कारण वो 1.5 करोड़ की बेल पर जेल से बाहर आए. अब राजपाल जल्द फिल्म 'भूत बंगला' में भी दिखाई देने वाले हैं.
राजपाल का ये केस काफी पुराना है, जिसपर अभी भी विवाद जारी है. उन्होंने साल 2010 में एक फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए 5 करोड़ का कर्ज लिया था, जो धीरे-धीरे 9 करोड़ तक बढ़ गया. एक्टर ये पैसे अभी तक पूरी तरह चुका नहीं पाए, ऐसे में उन्हें अपने को-स्टार अक्षय कुमार का साथ मिला है. एक्टर ने राजपाल के कर्ज पर स्क्रीन से बात की है.
राजपाल को अक्षय ने किया था मना
अक्षय ने दिवंगत एक्टर असरानी से मिली सीख का जिक्र करते हुए राजपाल के केस पर बात की. उन्होंने बताया कि असरानी ने उनसे कहा था कि कभी फिल्म प्रोड्यूस मत करना. क्योंकि उन्होंने भी फिल्म बनाने के बाद काफी नुकसान झेला था. असरानी को अपनी जिंदगी की सारी जमा पूंजी सिर्फ नुकसान की भरपाई करने में खर्च करनी पड़ी थी. ऐसे में उन्होंने अक्षय को ये सलाह दी थी, जिसे बाद में अक्षय ने राजपाल को दी.
अक्षय ने कहा, 'मैंने राजपाल से कहा था कि फिल्में प्रोड्यूस मत करना. हम एक्टर्स हैं और प्रोड्यूसर्स ही जानते हैं कि किस तरह फिल्म बनाई जाती है. तो आप कोई फिल्म प्रोड्यूस तबतक मत कीजिए जबतक आपको उसकी ट्रिक नहीं पता. अगर आप एक्टर हैं, तो आप एक्टर की ही तरह काम करें. शॉर्टकट्स के जरिए पैसा बनाने की बिल्कुल ना सोचें. मैं उम्मीद करता हूं कि राजपाल इस सिचुएशन से पूरी तरह बाहर आ जाए.'
अक्षय ने आगे राजपाल के काम की भी तारीफ की. उन्होंने कहा, 'वो क्या कमाल के एक्टर हैं. जब लोग अपना 100% देते हैं, तो वो 120-140% देने लगते हैं. उनके साथ काम करके बहुत मजा आता है. हमारी बॉन्डिंग इतनी मजबूत और नेचुरल है कि जब कोई लाइन स्क्रिप्ट में नहीं होती, तो हम उसे खुद से बना लेते हैं और फिर प्रियदर्शन जी को दिखाते हैं. उन्हें भी वो पसंद आ जाता है.'
बात करें अक्षय कुमार और राजपाल यादव की, तो दोनों जल्द 'भूत बंगला' में नजर आने वाले हैं जिसे प्रियदर्शन ने डायरेक्ट किया है. ये फिल्म 10 अप्रैल को थिएटर्स में लगने वाली है.
aajtak.in