जया बच्चन को लेकर आजकल लोगों के मन में एक अलग किस्म की इमेज बन गई है. उनके पैपराजी वीडियोज से हर कोई ये मानने लगा है कि उनका स्वभाव बेहद गुस्से वाला है. जया अक्सर पब्लिकली सभी को फटकारती भी रहती हैं. लेकिन उनके साथ रहा हर कोई इंसान एक्ट्रेस के असल स्वभाव को एकदम अलग बताता है.
जया बच्चन के बर्ताव पर क्या बोले अरशद?
जया बच्चन को लेकर बॉलीवुड के कई सितारों ने ये कहा है कि वो भले ही सोशल मीडिया और कैमरा के सामने गुस्से वाली दिखती हों. लेकिन उसके पीछे वो बहुत नरम दिल वाली और खुशमिजाज इंसान हैं. इस बात को अब अरशद वारसी ने भी दोहराया है. पिंकविला को दिए अपने हालिया इंटरव्यू में अरशद ने जया को स्वभाव और उनके साथ अपने रिश्तों पर बात की.
अरशद ने बताया कि जया का उनकी जिंदगी में कितना बड़ा महत्व है. उन्होंने उनका करियर बनाने में बेहद अहम रोल निभाया है. एक्टर ने जया बच्चन के स्वभाव पर कहा, 'जया जी बहुत प्यारी और बेबाक बोलने वाली इंसान हैं. ये बहुत दुखद है कि हम लोगों को जो बेबाक तरीके से बोलता है, वो इंसान पसंद नहीं आता है. हमें वो अच्छा लगता है जो अपनी बात को चाशनी में घोलकर कहता है. आप चाहे कितने भी बुरे हों, लेकिन वो इंसान आपकी तारीफ करे तो आपको वो अच्छा लगता है. विनम्र होना अच्छा है, लेकिन सच बोलना भी कभी-कभी सही होता है.'
क्यों जया को अपने करियर का सबसे मजबूत 'पिलर' मानते हैं अरशद?
अरशद ने आगे जया के पैपराजी संग बर्ताव पर कहा, 'मुझे लगता है कि एक उम्र के बाद ना कई चीजें आपको बर्दाश्त नहीं होती. क्योंकि आप वो सबकुछ अपनी जवानी से झेलते आ रहे हो. फिर एक उम्र आती है और आप कहते हैं कि बस यार, अब बहुत हो गया. अब मत करो. मुझे लगता है कि इसमें कोई खराबी नहीं है. पर्सनली, जया जी बहुत अलग इंसान हैं. वो बहुत फनी हैं, स्वीट और गर्मजोशी रखने वाली हैं.'
'बहुत ध्यान रखती हैं. मैं उनसे कुछ वक्त पहले ही मिला था. हमारी बात हो रही थी कि 30 साल हो गए एक-दूसरे को जानते हुए. अभिषेक की बेटी हो गई, घर में बच्चे घूम रहे हैं. मैंने कहा कि मेरे बच्चे भी बड़े हो गए. फिर वो बता रही थीं कि अब घुटने दर्द करते हैं. तो ये बहुत अच्छी बातें हैं.' अरशद ने बातों ही बातों में जया बच्चन और उनकी पत्नी मारिया गोरेटी की एक बातचीत का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उनकी शादी से पहले जया बच्चन ने मारिया से कहा था कि एक एक्टर की पत्नी होना बेहद मुश्किल चीज है.
अरशद वारसी ने अपना डेब्यू 1996 में आई फिल्म तेरे मेरे सपने से की थी, जिसे अमिताभ बच्चन की प्रोडक्शन कंपनी 'ABCL' ने बनाया था. एक्टर ने इसी बातचीत में जया बच्चन को अपने करियर का सबसे मजबूत 'पिलर' बताया. उन्होंने कहा कि जया ने उनपर तब भरोसा जताया, जब उन्हें बिल्कुल एक्टिंग नहीं आती थी. एक्ट्रेस ने तब अरशद का ऑडिशन भी नहीं लिया, मगर तब भी उन्हें फिल्म के लिए सेलेक्ट किया. अरशद का कहना है कि अगर वो ऑडिशन दे देते, तो वो पक्का फेल हो जाते.
बात करें अरशद वारसी के वर्क फ्रंट की, तो इस साल भी एक्टर कई सारी फिल्मों में नजर आने वाले हैं. शुरुआत 'धमाल 4' से होगी, जिसके बाद उनकी 'वेल्कम टू द जंगल' और 'किंग' जैसी फिल्में भी आएंगी. इन सभी फिल्मों में अरशद काफी अहम रोल निभाएंगे.
aajtak.in