भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह की निजी जिंदगी अक्सर ही चर्चा में रहती है. पत्नी ज्योति सिंह से उनके तलाक का मामला कोर्ट में पेंडिंग है. तारीख पर तारीख मिल रही है लेकिन फैसला नहीं आ पा रहा है. इसकी बड़ी वजह है- पहले पवन और अब ज्योति की कोर्ट में गैरमौजूदगी. साथ ही एलिमनी के तौर पर मांगी गई करोड़ों की रकम.
पहले कहा गया था कि ज्योति ने पवन को तलाक देने के लिए 10 करोड़ एलिमनी की मांग की थी. हालांकि ज्योति ने इससे साफ इनकार किया था. लेकिन अब 5 मई को आरा कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद ज्योति के वकील विष्णुधर पांडे ने बड़ा खुलासा कर दिया.
फिर लटका तलाक का केस, कोर्ट में नहीं पहुंचे पवन-ज्योति
एक्स्ट्रा एडवेंचर हब से बातचीत में वकील ने बताया कि दोनों ही कोर्ट में अपने बिजी शेड्यूल की वजह से नहीं आ पाए. इसलिए कोर्ट ने अगली तारीख दी है. पूछे जाने पर कि अगर अगली बार भी नहीं आ पाए तो क्या कोर्ट क्या करेगा? तो वकील ने कहा कि ये मामला ऐसे ही लटका रहेगा. कोर्ट से तारीख मिलती रहेगी.
आगे वकील ने बताया कि ज्योति की ओर से क्या-क्या मांगे रखी गई हैं. उन्होंने बताया कि पवन सिंह ने तलाक की अर्जी डाली हुई है. वो चाहते हैं कि ये शादी अब खत्म हो जाए. ज्योति नहीं चाहतीं कि तलाक हो, 7 साल हो चुके हैं शादी के, ऐसे में कौन चाहेगा कि ये पूरा समय बर्बाद हो. हमारी ओर से 12 करोड़ रुपये का डिमांड भी रखा गया है.
वकील ने खोला 12 करोड़ एलिमनी का राज
जबकि ज्योति ने पैसों की मांग रखने की बात को नकारा है ऐसे में वकील का कहना कि 12 करोड़ की मांग की है- सनसनीखेज बयान है. इस पर आगे और डिटेल में बात करते हुए वकील ने कहा कि- हम बता रहे हैं ना, ज्योति सिंह जो कहती हैं, उसे छोड़िए. हम बता देते हैं कि 12 करोड़ का डिमांड किया गया है. इसके बाद जाकर फैसला होगा कि तलाक होगा या नहीं. क्योंकि पवन ने अभी तक पिछले पिटीशन के पैसे भी नहीं चुकाए हैं. उसे एंट्री मेंटेनेंस कहा जाता है.
वकील ने पवन सिंह से की डिमांड पर आगे अपनी राय रखते हुए कहा कि- उनको 12 करोड़ दे देने चाहिए. इतना पैसा है उनके पास, पैसावाला पार्टी हैं. मेहनत की कमाई है तो शादी भी मेहनत से ही की थी ना. यूं ही छोड़ दिया जाता है क्या? रोड़ पर तो थी नहीं. जो पवन सिंह का स्टेटस है उस हिसाब से ज्योति सिंह को गुजाराभत्ता देना चाहिए. बाकी तो फैसला कोर्ट करेगा. अगर आगे दोनों कोर्ट नहीं आए तो कुछ तारीखों के बाद कोर्ट इस मामले को खारिज कर देगा.
मालूम हो कि, पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी 2019 में हुई थी. ये पवन सिंह की दूसरी शादी है, इससे पहले उन्होंने नीलम सिंह संग सात फेरे लिए थे. उन्होंने शादी के तीन महीने बाद ही आत्महत्या कर अपनी जान ले ली थी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क