साहित्य आजतक 2026 में भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह ने समा बांधा. इस दौरान उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच हो रहे मैच पर भी बात की. आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का 27वां मैच आज भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है. ये मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में हो रहा है. दोनों टीमों के बीच इस मुकाबले का फैसला तय करेगा कि आखिर इस ग्रुप ए का टॉपर कौन रहता है.
'मुर्दों को जला नहीं पाते वो...'
पवन सिंह ने भारत-पाकिस्तान के वर्ल्ड कप मैच पर रिएक्ट किया. मंच से वो बेहद जोशीले अंदाज में अपनी बात कहते हुए दिखे. वो बोले- 2016 में आपके भाई-आपके बेटा की फिल्म आई थी, जिसका नाम- गदर था. मैं तो अपने हिंदुस्तान के लिए यही कहूंगा कि प्यार तो मैं सबसे करता हूं. लेकिन अगर बात सम्मान की आ जाए, बात अपने हिंदुस्तान की इज्जत की आ जाए तो वहां तो मैं जरूर बोलूंगा. कि जलते हुए दीए को परवाने क्या बुझाएंगे, और जो मुर्दों को नहीं जला पाते वो जिंदो को क्या जलाएंगे. पवन ने पूरे जोश में कहा कि- मेरा हिंदुस्तान जिंदाबाद था है और रहेगा. बोलिए भारत माता की जय!
इंडियन टीम को शुभकामनाएं देते हुए आगे पवन बोले- कौन नहीं चाहेगा कि हमारी टीम, हमारे हिंदुस्तान का झंडा लहराकर आए, जीतकर आए. मैं एक कलाकार होने के नाते शुभकामना देता हूं हमारी टीम को, हमारे भाईयों को कि आप लोग पूरे जोश उमंग, खुशी के साथ अपने देश का झंडा लहराते हुए आईये. लव यू हिंदुस्तान, जय हो!
जब पवन के गाने पर नाचे क्रिकेटर्स
अंडर 19 वर्ल्ड कप जीतकर आए 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने जब सेलिब्रेशन किया तो पवन सिंह के गाने पर किया. ये सुनकर पवन बोले- उसने सीना चौड़ा कर दिया. जिसके गाने पर वो नाचा, सेलिब्रेट किया वो आपका बेटा है. मैं तो यही कहूंगा, बाबू ने अद्भुत किया. बेटा आगे और भी ऐसा करो कि पूरे हिंदुस्तान का सीना चौड़ा हो जाए.
इसके बाद पवन सिंह ने टीम इंडिया को डेडिकेट कर गाने गाए. वो इस दौरान पूरे जोश में नजर आए. पवन सिंह मंच से माहौल जमा दिया. फैंस उन्हें सुनने के लिए क्रेजी होते दिखे.
बाकी देखना होगा कि आज मैच में कौन रंग जमाता है.
aajtak.in