पणजी नगर निकाय चुनाव: बीजेपी की बंपर जीत, मनोहर पर्रिकर के बेटे को तीन सीट

गोवा की राजधानी पणजी में हुए नगर निकाय चुनाव में बीजेपी ने शानदार जीत दर्ज की है. बीजेपी समर्थित पैनल ने 30 में से 27 सीटें जीतकर नगर निकाय पर मजबूत पकड़ बना ली है, जबकि विपक्ष समर्थित पैनल को सिर्फ तीन सीटों से संतोष करना पड़ा.

Advertisement
पणजी नगर निकाय पर बीजेपी का दबदबा बरकरार (Photo: x.com/ @DrPramodPSawant) पणजी नगर निकाय पर बीजेपी का दबदबा बरकरार (Photo: x.com/ @DrPramodPSawant)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:12 PM IST

गोवा की राजधानी पणजी में हुए नगर निकाय चुनाव में बीजेपी ने एकतरफा जीत हासिल की है. भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले पैनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 में से 27 सीटें अपने नाम कर ली हैं. इस बड़ी जीत के साथ बीजेपी ने नगर निकाय पर अपनी पकड़ और भी मजबूत कर ली है. वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर के पैनल को सिर्फ तीन सीटों से ही संतोष करना पड़ा.

Advertisement

बीजेपी पैनल का शानदार प्रदर्शन

पणजी नगर निगम यानी सीसीपी के चुनाव में बीजेपी मंत्री अतानासियो मोंसेरेट के नेतृत्व वाले पैनल ने जबरदस्त प्रदर्शन किया. इस पैनल ने 30 में से 27 सीटों पर जीत दर्ज की. इतनी बड़ी जीत के साथ भाजपा ने नगर निकाय के ज्यादातर वार्डों पर अपना कब्जा जमा लिया है. दूसरी तरफ, उत्पल पर्रिकर के नेतृत्व वाले पैनल को केवल तीन सीटें ही मिल सकीं. इन चुनावी नतीजों के साथ अब यह साफ हो गया है कि पणजी नगर निकाय में अगले कुछ सालों तक भाजपा का ही दबदबा रहने वाला है.

यह भी पढ़ें: चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग की क्यों पड़ी जरूरत? TMC सांसद कीर्ति आजाद ने बताया

11 मार्च को हुआ था मतदान

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पणजी नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान 11 मार्च को कराया गया था. इसके बाद आज सुबह से वोटों की गिनती शुरू हुई. गिनती शुरू होने के कुछ ही देर बाद नतीजे आने लगे और बीजेपी पैनल लगातार बढ़त बनाता गया. अंत में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने 27 सीटें जीतकर बड़ी जीत हासिल की.

Advertisement

इस चुनाव में बीजेपी पैनल की ओर से मौजूदा मेयर रोहित मोंसेरेट ने अपनी सीट बचा ली है. वहीं, टूरिज्म और होटल कारोबार का बड़ा नाम जैक सुखीजा, उत्पल पर्रिकर के पैनल से जीतने में कामयाब रहे. हालांकि, उत्पल पर्रिकर ने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और निर्दलीयों के समर्थन से अपना अलग पैनल उतारा था, लेकिन वे भाजपा की इस बड़ी लहर को रोकने में नाकाम रहे.

यह भी पढ़ें: 'कांग्रेस अपना काम करती तो कांशीराम सफल नहीं होते', बोले राहुल गांधी

जीत के बाद क्या बोले नेता?

शानदार जीत के बाद अतानासियो मोंसेरेट ने कहा कि उन्हें ऐसी ही उम्मीद थी. उन्होंने कहा कि राजधानी में किए गए विकास कार्यों को देखते हुए जनता ने उन्हें अपना समर्थन दिया है. पार्टी शहर के विकास के लिए आगे भी इसी तरह काम जारी रखेगी. वहीं, उत्पल पर्रिकर ने हार के बावजूद हौसला नहीं खोया. उन्होंने कहा कि भले ही नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे, लेकिन उनका मकसद सिर्फ सीटें जीतना नहीं था. उनका कहना था कि वे शहर के लोगों को साथ लाकर पणजी के बेहतर भविष्य पर चर्चा करना चाहते थे और नागरिकों के साथ उनका यह संवाद आगे भी जारी रहेगा.
 

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement