'सपा-बसपा के उम्मीदवारों की मदद करें...' क्या यहां BJP के काम आएगा अमित शाह का 'गुरु मंत्र'?

MP Assembly Election 2023: ग्वालियर चंबल संभाग के भाजपा नेताओं की बैठक के दौरान अमित शाह ने जीत का मंत्र देते हुए कहा कि बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों का सहयोग करें, क्योंकि यह कांग्रेस को नुकसान पहुंचाएंगे. मगर अमित शाह का यह गुरु मंत्र बीजेपी के लिए भिंड में घातक साबित हो सकता है

Advertisement
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह. (फाइल फोटो) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह. (फाइल फोटो)

हेमंत शर्मा

  • भिंड,
  • 31 अक्टूबर 2023,
  • अपडेटेड 2:47 PM IST

MP Assembly Elections 2023: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का मध्य प्रदेश के बीजेपी नेताओं को दिया गया गुरु मंत्र भिंड जिले में उल्टा दांव साबित हो सकता है, क्योंकि यूपी से सटे इस जिले के बगावती बीजेपी नेताओं ने सूबे की चुनावी कमान संभाल रहे अमित शाह के गुरु मंत्र की ही कमर तोड़कर रख दी है. 

दरअसल, गृहमंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश के चुनाव पर पूरी निगरानी रखे हुए हैं. मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार काबिज हो सके इसके लिए अमित शाह और नरेंद्र मोदी दोनों लगातार मध्य प्रदेश के दौरे कर रहे हैं. सोमवार को भी अमित शाह ग्वालियर पहुंचे और यहां उन्होंने ग्वालियर चंबल संभाग के भाजपा नेताओं की बैठक ली.

Advertisement
ग्वालियर एयरपोर्ट पर अमित शाह का स्वागत करते केंद्रीय मंत्री तोमर और सिंधिया.

इस बैठक के दौरान अमित शाह ने जीत का मंत्र देते हुए भाजपा नेताओं से कहा कि बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों का सहयोग करें, क्योंकि यह कांग्रेस को नुकसान पहुंचाएंगे. मगर अमित शाह का यह गुरु मंत्र बीजेपी के लिए भिंड में घातक साबित हो सकता है, क्योंकि यहां पर समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी से जो प्रत्याशी खड़े हुए हैं वे भाजपा के ही बगावती नेता हैं. 

तो फिर भिंड में जीत होगी मुश्किल!

भिंड विधानसभा से संजीव सिंह कुशवाह बीएसपी से प्रत्याशी हैं. संजीव सिंह कुशवाह के पिता बीजेपी के टिकट पर भिंड दतिया लोकसभा सीट से 4 बार सांसद रहे. पिछले दिनों संजीव सिंह कुशवाह ने टिकट कटने से नाराज होकर भाजपा से बगावत कर दी और बीएसपी का दामन थाम कर चुनाव मैदान में उतर आए. अब अगर यहां अमित शाह के गुरु मंत्र की तामील की जाए तो सीधे तौर पर भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र सिंह कुशवाह को नुकसान होने वाला है, क्योंकि संजीव सिंह कुशवाह के साथ भाजपा के कई कार्यकर्ता और समर्थक बीएसपी में पहुंच गए हैं. ऐसे में बीएसपी का सहयोग करने पर भाजपा प्रत्याशी की स्थिति गड़बड़ा जाएगी. 

Advertisement

अटेर में भी उठाना पड़ सकता है नुकसान

ऐसा ही कुछ हाल अटेर विधानसभा का है. अटेर विधानसभा से दो बार बीजेपी से विधायक रहे मुन्ना सिंह भदौरिया ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है. बीजेपी से बगावत करके समाजवादी पार्टी के टिकट पर अटेर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे मुन्ना सिंह भदौरिया अटेर से दो बार विधायक रहे और लंबे समय से अटेर विधानसभा में सक्रिय हैं. इस वजह से उनके पास भाजपा समर्थकों की लंबी भीड़ है. उनके जाने से समर्थक भी समाजवादी पार्टी में पीछे आकर खड़े हो गए हैं. ऐसे में अगर अमित शाह की बात मानते हुए भाजपा के नेता समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मुन्ना सिंह भदोरिया का सहयोग करेंगे तो यहां भी भाजपा प्रत्याशी अरविंद भदौरिया को खासा नुकसान उठाना पड़ेगा.

हार में भी मामला नाजुक

अब बात लहार विधानसभा की करते हैं. लहार विधानसभा से बीएसपी के टिकट पर रसाल सिंह चुनाव लड़ रहे हैं. रसाल सिंह उमा भारती के कट्टर समर्थक रहे हैं. रौन विधानसभा सीट से रसाल सिंह चार बार विधायक रहे हैं लेकिन परिसीमन के बाद रौन विधानसभा खत्म हो गई. इसके बाद रसाल सिंह बीते दो बार के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर लहार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते हुए आए हैं. 

Advertisement

लेकिन इस बार के विधानसभा चुनाव में रसाल सिंह का टिकट काट दिया गया, जिसके बाद रसाल सिंह ने बीजेपी से बगावत कर दी और बीएसपी के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं. ऐसे में अगर अमित शाह की नसीहत पर अमल किया जाए और रसाल सिंह का सहयोग भाजपा द्वारा किया गया तो सीधे तौर पर भाजपा प्रत्याशी अंबरीश शर्मा की स्थिति गड़बड़ा जाएगी. 

ये भी पढ़ें:- 'सपा-बसपा की मदद करो, रूठे फूफाओं को ज्यादा मनाने की जरूरत नहीं 

भिंड जिले की भिंड, अटेर और लहार विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे बीएसपी और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बीजेपी के लिए पहले से ही मुसीबत खड़ी किए हुए हैं, ऐसे में अमित शाह की सलाह को लेकर भिंड में बीजेपी की स्थिति और भी कमजोर हो जाएगी. अब देखना यह होगा कि भिंड जिले के बीजेपी के नेता अमित शाह के गुरु मंत्र का पालन करते हैं या फिर अमित शाह के इस गुरु मंत्र को भिंड में दरकिनार किया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement