मतदान से एक दिन पहले TMC को झटका, विधायक खगेन्द्रनाथ महतो BJP में शामिल

पश्चिम बंगाल में मतदान से ठीक पहले झारग्राम जिले की गोपीबल्लवपुर विधानसभा सीट से टीएमसी विधायक खगेन्द्रनाथ महतो ने बीजेपी का दामन थाम लिया. वह इस बार टीएमसी से टिकट नहीं मिलने के कारण नाराज थे.

Advertisement
गोपीबल्लवपुर सीट से टिकट नहीं मिलने के बाद टीएमसी विधायक खगेंद्रनाथ महतो बीजेपी में शामिल. (Photo: FB/@SuvenduWB) गोपीबल्लवपुर सीट से टिकट नहीं मिलने के बाद टीएमसी विधायक खगेंद्रनाथ महतो बीजेपी में शामिल. (Photo: FB/@SuvenduWB)

अनुपम मिश्रा

  • कोलकाता,
  • 22 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:16 PM IST

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से एक दिन पहले झारग्राम जिले की गोपीबल्लवपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक खगेन्द्रनाथ महतो ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया. टीएमसी द्वारा टिकट नहीं दिए जाने से महतो नाराज थे. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इसी असंतोष के चलते उन्होंने आखिरी समय में पार्टी छोड़ने का फैसला किया. उन्होंने  बुधवार को औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल होने की घोषणा की.

Advertisement

बिधाननगर स्थित बीजेपी कार्यालय में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें पार्टी का झंडा थमाकर स्वागत किया. इस मौके पर अधिकारी ने महतो को एक स्थापित डॉक्टर बताते हुए कहा कि उन्होंने टीएमसी के भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ लड़ने के उद्देश्य से बीजेपी जॉइन की है. सुवेंदु अधिकारी ने यह भी कहा कि गोपीबल्लवपुर विधानसभा क्षेत्र ओडिशा की सीमा से सटा हुआ है, जहां बीजेपी की सरकार है. उन्होंने दावा किया कि ओडिशा में अच्छे शासन से प्रभावित होकर महतो ने बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया है.

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महतो ने किसी चुनावी लाभ या टिकट की अपेक्षा से पार्टी जॉइन नहीं की है. सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि उम्मीदवारों की सूची पहले ही घोषित हो चुकी है और चुनाव प्रचार का समय भी समाप्त हो गया है. ऐसे में महतो ने बिना किसी शर्त बीजेपी की सदस्यता ली है और पार्टी की कार्यशैली की सराहना की है. महतो के इस कदम को चुनाव से ठीक पहले टीएमसी के लिए झटका माना जा रहा है, वहीं बीजेपी इसे अपने पक्ष में बढ़त के तौर पर देख रही है.

Advertisement

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वो​ट डाले जाएंगे. पहले चरण में 152 सीटें दांव पर हैं, जबकि दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान होगा. बंगाल चुनाव के नतीजे 4 मई को तमिलनाडु, केरल, असम, पुडुचेरी के साथ ही घोषित किए जाएंगे. बंगाल में 15 साल से टीएमसी सत्ता में है और लगातार चौथे टर्म के लिए प्रयास कर रही है. वहीं, बीजेपी बंगाल में पहली बार कमल खिलाने की कोशिश में लगी है, जो राज्य में मुख्य विपक्षी दल भी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement