पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य की महिलाओं के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र व आपत्तिजनक वीडियो बनाने को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने कड़ा रुख अपनाया है. टीएमसी ने ओडिशा के स्थानीय नेता मदन मोहन जेना के खिलाफ भारत निर्वाचन आयोग और पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. टीएमसी का आरोप है कि जेना भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं.
मदन मोहन जेना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न गंभीर धाराओं (जैसे 79, 171, 292, 351 आदि) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act), 2000 की धारा 67/67A के तहत मामला दर्ज करने की मांग की गई है. इसके अलावा, उन पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 और आदर्श चुनाव आचार संहिता (MCC) के उल्लंघन के भी आरोप लगाए गए हैं.
टीएमसी के अनुसार, आरोपी नेता ने वीडियो में न सिर्फ ममता बनर्जी पर अभद्र टिप्पणी की, बल्कि पश्चिम बंगाल की महिलाओं को भी निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक और यौन टिप्पणी की. पार्टी ने इसे महिलाओं की गरिमा और सम्मान पर सीधा हमला बताया है.
शिकायत में कहा गया है कि मदन मोहन जेना ने सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो बार-बार तैयार कर प्रसारित किए, जो न सिर्फ अश्लील हैं बल्कि महिलाओं के प्रति नफरत और अपमान को बढ़ावा देते हैं. टीएमसी का आरोप है कि इस तरह की सामग्री समाज में महिलाओं के खिलाफ हिंसा और दुर्व्यवहार को बढ़ावा दे सकती है.
इसके अलावा, पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि इन वीडियो में धार्मिक समुदायों को भी निशाना बनाया गया है और आपत्तिजनक टिप्पणियों के जरिए सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश की गई है. टीएमसी ने कहा कि 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह की सामग्री कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती है.
अनिर्बन सिन्हा रॉय