तमिलनाडु की सत्ता के लिए सबसे बड़ी जंग की तारीख का ऐलान हो गया है. चुनाव आयोग ने साफ कर दिया है कि इस बार तमिलनाडु का मुकाबला एक ही चरण में होगा. सूबे की सभी 234 सीटों पर 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे, जबकि 4 मई को चुनाव के नतीजे आएंगे. पिछली बार 2021 में भी एक ही फेज में वोटिंग हुई थी, जिसमें डीएमके गठबंधन को बड़ी जीत मिली थी. लेकिन इस बार थलापति विजय की एंट्री ने मुकाबले को और भी दिलचस्प बना दिया है.
तमिलनाडु में विधानसभा की कुल 234 सीटें हैं. इन सीटों के लिए पिछली बार यानी 2021 के विधानसभा चुनाव में एक ही फेज में मतदान हुआ था. सूबे की सभी विधानसभा सीटों पर 6 अप्रैल को वोट डाले गए थे और चुनाव नतीजों का ऐलान 2 मई को हुआ था. इन चुनावों में डीएमके की अगुवाई वाले गठबंधन को बड़ी जीत हासिल हुई थी.
डीएमके की बड़ी जीत
डीएमके की अगुवाई वाले गठबंधन को 234 में से 157 सीटों पर जीत मिली थी. प्रतिद्वंद्वी एआईएडीएमके की अगुवाई वाले गठबंधन को तब 75 सीटों पर जीत मिली थी. एएमएमके की अगुवाई वाला तीसरा और एमएनएम की अगुवाई वाला चौथा गठबंधन शून्य सीटों पर सीटों पर सिमट गया था. अन्य को भी दो सीटों पर जीत मिली थी. फिल्म अभिनेता से राजनेता बने कमल हासन को विधानसभा चुनाव में मात मिली थी.
इस बार किस गठबंधन में कौन
तमिलनाडु चुनाव के लिए इस बार सत्ताधारी डीएमके की अगुवाई वाले गठबंधन में कांग्रेस और लेफ्ट समेत 21 दलों का गठबंधन तैयार किया है. इस गठबंधन में कई छोटी-छोटी पार्टियां शामिल हैं. वहीं, एआईएडीएमके की अगुवाई वाले गठबंधन में बीजेपी और अन्य दल छोटी-छोटी पार्टियां भी शामिल हैं. फिल्म अभिनेता थलापति विजय की अगुवाई वाली टीवीके चुनावी फाइट को तीसरा कोण देने की रणनीति के साथ मैदान में है.
aajtak.in