वोटिंग बूथ के 100 मीटर के दायरे में 'नो एंट्री', पश्चिम बंगाल में फर्जी वोटिंग पर EC का तगड़ा प्लान

पश्चिम बंगाल चुनाव में सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने 100 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाने और AI कैमरों से निगरानी करने का फैसला किया है. सुरक्षाकर्मी बॉडी कैमरों से लैस होंगे और हर वोटर की बूथ में एंट्री से पहले कड़ी सुरक्षा जांच की जाएगी.

Advertisement
बूथ के चारों तरफ होगी 100 मीटर की 'लक्ष्मण रेखा' (File Photo) बूथ के चारों तरफ होगी 100 मीटर की 'लक्ष्मण रेखा' (File Photo)

तपस सेनगुप्ता

  • कोलकाता,
  • 18 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:17 PM IST

पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव सिर्फ वोट डालने तक सीमित नहीं रहने वाले, बल्कि सुरक्षा और सख्ती का स्तर भी बिल्कुल अलग दिखेगा. इस बार चुनाव आयोग ने साफ कर दिया है कि अब वोटिंग बूथ के 100 मीटर के दायरे में 'नो एंट्री' लागू होगी. यानी कोई भी व्यक्ति सीधे बूथ तक नहीं पहुंच पाएगा, पहले उसकी जांच होगी, तभी अंदर जाने की अनुमति मिलेगी. इस कदम का सीधा मकसद है फर्जी वोटिंग और दबाव बनाकर वोट डलवाने जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाना.

Advertisement

आसान भाषा में समझें तो हर पोलिंग बूथ के चारों तरफ 100 मीटर का एक घेरा बनाया जाएगा, जिसे 'लक्ष्मण रेखा' कहा जा रहा है. इस लाइन को सफेद चॉक से जमीन पर साफ-साफ खींचा जाएगा. इस रेखा के अंदर बिना इजाजत कोई नहीं जा सकेगा. यहीं से सख्ती शुरू हो जाएगी, ताकि बूथ के पास भीड़ न लगे और माहौल शांत बना रहे.

अब सवाल आता है कि वोटर अंदर कैसे जाएगा? इसके लिए इस 100 मीटर की सीमा पर ही दो जांच डेस्क लगाए जाएंगे. यहां बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO और उनके सहयोगी बैठेंगे. वे वोटर का नाम, पहचान पत्र और बाकी जानकारी चेक करेंगे. जब सब कुछ सही मिलेगा, तभी उस व्यक्ति को 'लक्ष्मण रेखा' पार करने की अनुमति दी जाएगी और वह वोट डालने बूथ तक जा सकेगा.

Advertisement

हर हरकत का होगा डिजिटल हिसाब

इस बार चुनाव में सिर्फ पुलिस या सुरक्षाकर्मी ही नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी भी बड़ी भूमिका निभाएगी. जगह-जगह AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस कैमरे लगाए जाएंगे. ये कैमरे किसी भी संदिग्ध हरकत, भीड़ या गड़बड़ी को तुरंत पकड़ लेंगे और अधिकारियों को अलर्ट भेजेंगे. इसके साथ ही माइक्रो ऑब्जर्वर, केंद्रीय सुरक्षा बल (CAPF) और राज्य पुलिस के जवानों को बॉडी कैम दिए जाएंगे, जिससे उनकी हर गतिविधि रिकॉर्ड होगी. इसका फायदा यह होगा कि अगर कहीं कोई विवाद होता है, तो उसका पूरा सबूत मौजूद रहेगा.

इतना ही नहीं, आसपास लगे सभी सरकारी CCTV कैमरों का कंट्रोल भी सीधे चुनाव आयोग के पास रहेगा. इसका मतलब है कि हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखी जाएगी और कंट्रोल रूम से पूरे इलाके की लाइव मॉनिटरिंग होगी. फर्जी वोटिंग को रोकने के लिए आयोग ने ASD लिस्ट पर भी सख्ती बढ़ाई है. ASD यानी ऐसे लोग जो अनुपस्थित हैं, कहीं और शिफ्ट हो चुके हैं या जिनकी मृत्यु हो चुकी है. BLO को निर्देश दिया गया है कि वे वोटर स्लिप खुद मतदाताओं को जाकर दें. अगर कोई स्लिप नहीं पहुंच पाती, तो उसका कारण दर्ज करना होगा. अगर ASD लिस्ट में शामिल कोई व्यक्ति वोट डालने आता है, तो उसकी कड़ी जांच की जाएगी और पहचान कई स्तर पर मिलाई जाएगी.

Advertisement

मतदान से पहले के 72 घंटे को भी बेहद संवेदनशील माना गया है. इस दौरान पुलिस और प्रशासन को साफ निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जाए. इसके साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी व्यक्ति चुनाव में गड़बड़ी करने की कोशिश न करे.

कुल मिलाकर, इस बार बंगाल चुनाव में सुरक्षा का ऐसा कड़ा घेरा बनाया जा रहा है, जिसमें गलती या फर्जीवाड़े की गुंजाइश बहुत कम रह जाएगी. चुनाव आयोग का साफ संदेश है कि वोटिंग होगी, लेकिन नियमों के तहत और पूरी पारदर्शिता के साथ.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement