दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में 31 दिसंबर की रात एक युवती के साथ हुई दर्दनाक वारदात ने सबको हिला दिया है. परिवार के लोग इसे निर्भया जैसी घटना बता रहे हैं, वहीं पुलिस ने इसे सड़क हादसा बताया है. जिस तरह नग्न अवस्था में युवती का शव मिला है, घटना ने बेटियों की सुरक्षा को लेकर मां बाप के जेहन में फिर से डर बैठा दिया है. दिल्ली पुलिस समय समय पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई अभियान चलाती है. राजधानी क्षेत्र में रह रही युवतियों को भी अपनी सुरक्षा को लेकर जागरूक होना चाहिए. मसलन अगर आप रात में कहीं अकेली निकल रही हैं, या लेट नाइट जॉब करती हैं तो आपको कुछ बातों का खास ध्यान रखना चाहिए. साथ ही अपने मोबाइल पर कुछ नंबर्स और ऐप जरूर होने चाहिए.
ध्यान रखने वाली बातें-
- कोशिश करें कि जब आप अकेले बाहर निकलें तो आपके फोन की बैटरी पूरी तरह चार्ज हो ताकि आप मुसीबत पड़ने पर तत्काल हेल्प मांग सकें.
- जब सड़क पर हों तो इस बात का ध्यान रखें कि आपके आसपास कौन चल रहा है, किसी संदेहास्पद स्थिति होने पर जहां कुछ लोग हों, वहां जाकर रुकें और पुलिस या परिजन या दोस्तों को बुलाकर ही जाएं.
- अपने फोन की लास्ट डायलिंग में हमेशा अपना एमरजेंसी नंबर रखें जिसे तत्काल फोन मिलाकर हेल्प ली जा सके.
- कहीं पर वाहन खराब हो जाने पर किसी अजनबी से मदद मांगने के बजाय किसी ऑनलाइन प्रोफेशनल मैकेनिक से संपर्क करें.
- बाहर होने पर हमेशा हिम्मती और आत्मविश्वासी रहें, किसी एक व्यक्ति से मदद मांगने के बजाय एक दो और लोगों से मदद मांगें.
- हमेशा कोशिश करें कि भीड़भाड़ वाले इलाकों से सफर करें, जो रोड पहले से रेड जोन में आते हैं, वहां रात में जाने से बचें. ये स्त्री पुरुष दोनों के लिए सेफ नहीं माने जाते.
- पर्स में मिर्ची पाउडर स्प्रे, नेल कटर या कोई अन्य ऐसी चीजें रख सकती हैं जिससे आप अपना बचाव कर सकें.
सबसे पहले 112 नंबर डायल करें
वैसे तो दिल्ली पुलिस से मदद पाने के कई तरीके हैं, लेकिन सबसे पहले 112 नंबर से मदद मांगें. 112 से पुलिस की हेल्प सबसे जल्दी मिलती है. 112 नंबर मिलाकर पहले अपनी लोकेशन दें. पुलिस के संपर्क में रहें.
1090/1091 पर कॉल करें
महिला हेल्पलाइन 1090 से मदद मांगें, इसके अलावा निर्भया घटना के बाद बनी 1091 हेल्पलाइन से मदद मांग सकती हैं. यहां से आपको पुलिस की हेल्प मिल सकती है. आपको हेल्पलाइन नंबरों से मदद न मिलने पर अपने परिजनों या किसी दोस्त या जो भी एमरजेंसी कॉन्टैक्ट हो, वहां से मदद मांगें.
हिम्मत प्लस ऐप इंस्टॉल रखें
दिल्ली पुलिस की ओर से महिला सुरक्षा के लिए तैयार हिम्मत प्लस ऐप हर युवती को अपने मोबाइल पर इंस्टॉल रखनी चाहिए. कहीं कोई भी जरूरत होने पर आप इसमें अगर एसओएस डायल करती हैं तो वहां से तत्काल पुलिस और आपके एमरजेंसी कॉन्टैक्ट में मैसेज चला जाता है. इस ऐप के जरिये आपकी लोकेशन और वहां का वीडियो बन जाता है. आप अगर किसी ऑटो या टैक्सी से जा रही हैं तो ऐप में दिए गए क्यू आर कोड स्कैन के ऑप्शन में जाकर उसे स्कैन करें, इससे ऑटो या टैक्सी की जानकारी पुलिस तक पहुंच जाएगी जिससे उन्हें मदद करने में आसानी रहेगी.
मानसी मिश्रा