यूपीः आईजी के सामने हथियार नहीं चला पाए पुलिस अफसर

यूपी पुलिस की हथियार चलाने की ट्रेनिंग मज़ाक बनकर रह गई है. दंगे जैसे हालात को काबू करने के लिए जब आईजी ने पुलिस अफसरों का टेस्ट लिया, तो सब के सब फेल हो गए.

Advertisement
आईजी ने नाकाम पुलिस अफसरों को जमकर डांट लगाई आईजी ने नाकाम पुलिस अफसरों को जमकर डांट लगाई

परवेज़ सागर

  • कन्नौज,
  • 05 मई 2016,
  • अपडेटेड 4:38 PM IST

उत्तर प्रदेश पुलिस की हथियार चलाने की ट्रेनिंग मज़ाक बनकर रह गई है. दंगे जैसे हालात को काबू करने के लिए जब आईजी ने पुलिस अफसरों का टेस्ट लिया, तो सब के सब फेल हो गए. आईजी साहब ने जब हथियारों के मामले में पुलिस वालों की ट्रेनिंग देखी, तो सब कुछ टांय-टांय फिस्स निकला.

यूपी के लोगों की सुरक्षा जिन पुलिस वालों के हवाले है, उनमें से कई को हथियार चलाना तो दूर उन्हें ठीक से पकड़ना भी नहीं आता. यह चौंकाने वाला खुलासा उस वक्त हुआ, जब कानपुर के आईजी ज़ोन ज़की अहमद कन्नौज जिले में पुलिस लाइन का निरीक्षण करने पहुंचे.

Advertisement

आईजी ने दंगा नियंत्रण के लिए पुलिस वालों को दी गई ट्रेनिंग का टेस्ट लिया. उस टेस्ट में एक-एक करके यूपी पुलिस के कई अफसर हथियार चलाने के मामले में फेल होते चले गए. आईजी ज़की अहमद ने कन्नौज ज़िले के तीनों पुलिस उपाधीक्षकों को दंगा नियंत्रण के वक्त इस्तेमाल होने वाले हथियार चलाने के लिए कहा. लेकिन तीनों अधिकारी फेल हो गए.

पुलिस लाइन में जमीन पर एंटी राइट और रिपीटर गन रखी थीं. मगर छिबरामऊ के सीओ बीपी सिंह सोलंकी तो हथियारों की पहचान भी नहीं कर पाए. यह सब देखकर आईजी का गुस्सा बढ़ता जा रहा था. उन्होंने सीओ तिर्वा सुरेंद्र पाल सिंह को बुलाया. मगर सीओ साहब बंदूक में कारतूस तक नहीं डाल सके. और बंदूक को उल्टा-पुल्टा करके कारतूस डालने की कोशिश करने लगे.

जब दंगा नियंत्रण हथियारों के इम्तिहान में पुलिस के अफसर फेल हो गए, तो आईजी ज़ोन जकी अहमद ने उन अफसरों को पुलिस लाइन में रखी थ्री नॉट थ्री राइफल चलाने को कहा. मगर उसका नतीजा भी ठीक नहीं रहा. पुलिस अफसर उस राइफल को भी ठीक से नहीं चला सके.

Advertisement

ज़िले के पुलिस अफसरों की हालत देखकर एसपी दिनेश कुमार को आईजी के सामने शर्मिंदा होना पड़ा. आईजी ज़की अहमद ने बाद में कहा कि मौजूदा दौर में यूपी के पुलिसकर्मियों और अफसरों को आधुनिक और दंगा नियंत्रण करने वाले हथियार चलाने की ट्रेनिंग नियमित रूप से दी जानी चाहिए.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement