रोहित शेट्टी के घर फायरिंग, रणवीर सिंह को धमकी और मुंबई में अंडरवर्ल्ड का साया! क्या है लॉरेंस गैंग का नया खेल?

मुंबई में अंडरवर्ल्ड का साया फिर गहराता जा रहा है. रोहित शेट्टी के घर फायरिंग, रणवीर सिंह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी ने मामले को बहुत संगीन बना दिया है, साथ ही गैंगस्टर हैरी बॉक्सर का वॉयस नोट भी पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं. पढ़ें इस धमकी कांड की पूरी कहानी.

Advertisement
हर गलत काम के पीछे लॉरेंस गैंग का ही नाम आ रहा है (फोटो-ITG) हर गलत काम के पीछे लॉरेंस गैंग का ही नाम आ रहा है (फोटो-ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 14 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:13 AM IST

मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री पर एक बार फिर अंडरवर्ल्ड का साया मंडराने लगा है. गैंगस्टरों की तरफ से लगातार की जा रही फायरिंग, वॉयस मैसेज, ई-मेल और शूटआउट के सिलसिले ने मुंबई को 90 के दशक के उन दिनों की याद दिला दी है, जब दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन सरीखे डॉन जुर्म की दुनिया पर राज करते थे. पहले फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग और अब धमकी की दूसरी किस्त के तौर पर धुरंधर के हमज़ा यानी रणवीर सिंह को लॉरेंस गैंग की कथित धमकी. तो क्या गैंगस्टरों के सामने मुंबई पुलिस पस्त पड़ने लगी है?

Advertisement

ताबड़तोड़ गोलियां चल रही हैं. वॉयस नोट भेजे जा रहे हैं. सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखे जा रहे हैं. और तो और बाकायदा ई-मेल भेज कर भी सेलिब्रिटीज को धमकी दी जा रही है. फिल्म इंडस्ट्री में अब एकाएक वो सब होने लगा है, जो पहले कभी नहीं हुआ. एक दौर था जब मुंबई पर अंडरवर्ल्ड का साया था. बॉलीवुड से लेकर आम लोगों तक पर दाऊद इब्राहिम से लेकर छोटा राजन और अबु सलेम से लेकर अरुण गवली तक का खौफ तारी था. लेकिन पिछले कई सालों से अब वो बातें गुजरे जमाने की यादें बन कर रह गई थीं. 

लेकिन अब मुंबई में नए सिरे से जो शुरुआत हुई है, वो सिहरन पैदा करने वाली है. और इसी शुरुआत की सबसे ताजी किस्त के तौर पर सामने आया है एक ऑडियो नोट, जो कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से फिल्म स्टार रणवीर सिंह को भेजा गया है. इसके बारे में बात करें, इससे पहले ये जान लीजिए कि डराने धमकाने के इस नए खेल की शुरुआत आखिर कब और कहां से हुई?

Advertisement

सलमान खान के घर पर फायरिंग की वारदात को अब एक लंबा वक्त गुजर चुका है. लेकिन इस बार फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसने सलमान के घर यानी गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुई फायरिंग की याद दिला दी. जुहू में रोहित शेट्टी के घर पर 31 जनवरी और 1 फरवरी की दरम्यानी रात को करीब 12 बज कर 45 मिनट पर स्कूटर से आए एक शख्स ने ताबड़तोड़ फायरिंग की और आराम से निकल गया. एक सीसीटीवी की तस्वीरें सामने आईं हैं. रोहित शेट्टी खुद शेट्टी टावर नाम की नौ मंजिली इमारत में रहते हैं, फायरिंग में इस इमारत के फर्स्ट फ्लोर को नुकसान हुआ और गोलियां फर्स्ट फ्लोर बने जिम में लगे शीशे की दीवार पर टकराई.

लेकिन अभी पुलिस इस मामले की तफ्तीश कर इस शूटआउट के पीछे की कहानी का पता लगाती, तब तक सोशल मीडिया पर इसे लेकर दावा करने वाला एक पोस्ट सामने आ गया. ये पोस्ट किसी और ने नहीं बल्कि उसी गैंग ने किया था, जिस पर फायरिंग की वारदात का शक पुलिस को था. जी हां, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने. कम से कम अगले दिन फेसबुक पर बिश्नोई गैंग के गुर्गे शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई के नाम से जो पोस्ट शेयर किया गया, उसका लब्बोलुआब कुछ ऐसा ही था. 

Advertisement

हालांकि बाद में मुंबई पुलिस ने इस सिलसिले में पांच गुर्गों को पकड़ा, जिनका कनेक्शन लॉरेंस के गुर्गे शुभम लोनकर से बताया गया. खास बात ये रही है कि इन पाचों गिरफ्तार लोगों की भूमिका शूटआउट के फेसलिटेटर यानी मददगार की है, जबकि अब तक असली शूटर पुलिस की जद से बाहर है. लोनकर की पोस्ट से लग रहा था कि सलमान के बाद अब नया निशाना रोहित शेट्टी ही हैं, लेकिन इसके बाद अचानक बिश्नोई गैंग का निशाना धुरंधर स्टारर रणवीर सिंह की तरफ घूम गया और उन्हें 10 फरवरी को एक वॉयस नोट के ज़रिए जान से मारने की धमकी मिली. 

खबरों की मानें तो इस नोट में रणवीर से करोड़ों रुपये की रंगदारी भी मांगी गई और कहा गया कि अगर उन्होंने उनकी बात नहीं मानी तो उन्हें बुरे नतीजे भुगतने होंगे. कुछ ऐसा ही एक धमकी भरा वॉयस नोट अब सामने आ चुका है, जिसमें लॉरेंस गैंग का खासमखास हैरी बॉक्सर ना सिर्फ रणवीर सिंह को धमका रहा है, बल्कि कह रहा है कि उसे अपनी बात से मुकरने की कीमत चुकानी होगी.

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अपनी शुरुआती जांच में ये ऑडियो हैरी बॉक्सर का होने की पुष्टि की है. लेकिन उसका कहना है कि वो इससे जुड़े बाकी के सबूत अभी इकट्ठा करने में लगी है और उसे व्हाट्स एप पर भेजे गए इस वॉयस नोट के फॉरेंसिक रिपोर्ट का भी इंतजार है.

Advertisement

खास बात ये है कि ये वॉयस नोट वीपीएन नेटवर्क से भेजा गया है, जिसकी लोकेशन विदेश में मिली है. वीपीएन नेटवर्क से भेजे जाने वाले ऐसे किसी भी कम्यूनिकेशन को ट्रैक करना आसान नहीं होता, ऐसे में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच फिलहाल इसके सोर्स का पता लगाने के लिए इंटरपोल की भी मदद ले रही है. यहां सुनें हैरी बॉक्सर का धमकी भरा ऑडियो-

फिलहाल सवाल ये भी है कि ये सारी धमकी और फायरिंग क्या सिर्फ जबरन वसूली यानी रंगदारी के लिए है? या फिर इसके पीछे कोई और भी स्टोरी है? जिस तरह हैरी बॉक्सर रणवीर सिंह से अपनी बातों से मुकरने का इल्जाम लगाते हुए उसे धमका रहा है, उससे सवाल उठता है कि आखिर लॉरेंस गैंग के साथ रणवीर ने ऐसा कौन सा वादा किया था, जो उन्होंने नहीं निभाया? फिलहाल पुलिस वॉयस नोट में कही गई इन बातों का सच भी पता लगाने की कोशिश कर रही है.

उधर, इन धमकियों के बाद पुलिस ने रोहित शेट्टी से लेकर रणवीर सिंह की सिक्योरिटी टाइट कर दी है, क्राइम ब्रांच को मामले की जांच में लगाया गया है, लेकिन इस बीच लॉरेंस गैंग की ओर से ही एक सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा को ई-मेल के लिए जरिए धमकी देने की बात सामने आई है. पुलिस सूत्रों की मानें तो आयुष को ये धमकी प्रोटॉन मेल के जरिए दी गई है, जिसे डिटेक्ट कर पाना मुश्किल होता है.

Advertisement

वैसे रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह बेशक अब जाकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर आए हों, लेकिन गैंग ने इस बात का ऐलान पहले ही कर दिया था कि वो आने वाले दिनों में बॉलीवुड की नींद हराम कर देगा. कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग के बाद इसी हैरी बॉक्सर ने एक ऑडियो जारी कर मुंबई का माहौल खराब कर देने की धमकी दी थी. साथ ही ये भी कहा था कि अगर आगे से किसी ने भी सलमान खान के साथ काम किया, तो फिर उसकी खैर नहीं.

फिलहाल, पुलिस ने इन धमकियों के बाद नए सिरे से मामले की जांच शुरू की है. इस सिलसिले में सलमान के जीजा आयुष शर्मा के मैनेजर से पूछताछ की गई है, जबकि बाकी के सेलिब्रिटीज के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं. लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक गैंगस्टर जेल में बैठे-बैठे ऐसा नेटवर्क कैसे चला सकता है, जिसमें उसके गुर्गे खुलेआम फिल्म स्टार्स को धमकी देते घूम रहे हैं और पुलिस हर बार की तरह सांप गुजरने के बाद लकीर पीट रही है.

(सुप्रतिम बनर्जी के साथ आज तक ब्यूरो)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement