अवैध तरीके से अमेरिका (America) में घुसने की कोशिश करने वाले चार लोगों को बॉर्डर एरिया में गिरफ्तार कर लिया गया. ये सभी कनाडा (Canada) से अमेरिका जा रही एक चलती मालगाड़ी से कूदने के बाद अपस्टेट न्यूयॉर्क में गिरफ्तार किए गए. पकड़े गए चार लोगों में तीन भारतीय नागरिक भी शामिल हैं. उनमें एक महिला भी है. अमेरिकी सीमा गश्ती एजेंटों (US Border Patrol agents) ने 12 मार्च को ये गिरफ्तारी की.
इस पूरे मामले की जांच पड़ताल से पता चला कि पकड़े गए सभी चार लोग बिना दस्तावेज वाले गैर-नागरिक थे. उन चारों को बफ़ेलो स्टेशन को सौंप दिया गया है. बॉर्डर पेट्रोलिंग एजेंटस् ने बफ़ेलो शहर में अंतर्राष्ट्रीय रेलमार्ग पुल पर चलती मालगाड़ी से कूदते हुए उन चारों को देखा था. उनमें तीन पुरुष और एक महिला शामिल थी.
संबंधित अधिकारी ने बताया कि मालगाड़ी से कूदते वक्त उनके साथ वाली महिला चोटिल हो गई थी. इसलिए वे तीनों पुरुष उस महिला को छोड़ कर वहां से आगे निकल गए थे. लेकिन बॉर्डर पेट्रोलिंग एजेंटस् ने उनका पीछा करने के बाद उन्हें पकड़ लिया.
उधर, उस घायल महिला को एरी काउंटी शेरिफ के प्रतिनिधियों और अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा अधिकारियों (CBP) से प्राथमिक उपचार मिला. इसके बाद उस महिला को एम्बुलेंस के जरिए एक स्थानीय चिकित्सा केंद्र ले जाया गया.
यू.एस. बॉर्डर पेट्रोलिंग एजेंटस् ने पकड़े गए सभी लोगों की शिनाख्त करने के बाद बताया कि घायल महिला और दो पुरुष भारतीय हैं जबकि तीसरा व्यक्ति डोमिनिकन गणराज्य का नागरिक है. एक सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि तीनों भारतीयों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और उन्हें आव्रजन और राष्ट्रीयता अधिनियम की धारा 212 और 237 के तहत निर्वासन सुनवाई के इंतजार में बटाविया संघीय हिरासत सुविधा में रखा गया है.
घायल भारतीय महिला को आगे के उपचार की प्रतीक्षा में एक स्थानीय चिकित्सा केंद्र में रखा गया है. अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोलिंग बफ़ेलो सेक्टर के चीफ पेट्रोलिंग एजेंट थॉमस जी. मार्टिन ने बताया कि यह घटना इस बात का एक बड़ा उदाहरण है कि कैसे हमारे सीमा गश्ती एजेंट, सीबीपी अधिकारी और कानून प्रवर्तन एजेंसी पश्चिमी न्यूयॉर्क क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अथक प्रयास करते हैं.
aajtak.in