बॉलीवुड फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने पुणे से मुंबई तक स्कूटी लाने के सीन को रीक्रिएट किया है. इस रिक्रिएशन के दौरान पुणे से गिरफ्तार पांच आरोपी स्वप्निल सकट, आदित्य गायकी, सिद्धार्थ येनपुरे और समर्थ पोमाजी को क्राइम ब्रांच ने साथ रखा था.
सूत्रों के अनुसार, क्राइम ब्रांच ने पुणे से स्कूटी खरीदने से लेकर उसे सड़क रास्ते से मुंबई तक लाने, रास्ते में जिन-जिन जगहों पर आरोपी रुके थे, उन स्थानों सहित मुंबई में विले पार्ले स्टेशन के बाहर स्कूटी पार्क करने तक के हर सीन को रीक्रिएट किया.
इस रिक्रिएशन के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम लगातार आरोपियों से पूछताछ करती रही और उनके द्वारा दी गई जानकारियों का सत्यापन भी किया. पूरे सीन रिक्रिएशन की क्राइम ब्रांच की ओर से बाकायदा वीडियोग्राफी की गई, जो इस केस में आगे चलकर आरोपियों के खिलाफ अहम सबूत साबित हो सकती है.
यह भी पढ़ें: घर पर फायरिंग के बाद एयरपोर्ट पर बेटे को छोड़ने पहुंचे रोहित शेट्टी, दिखी हाई सिक्योरिटी
मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक, इस सीन रिक्रिएशन के दौरान आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि स्कूटी को मुंबई पहुंचाने के बाद मुख्य आरोपी शुभम लोनकर ने उन्हें 11 हजार रुपये और दिए थे. इससे पहले मुंबई क्राइम ब्रांच ने आधिकारिक तौर पर आरोपियों को 40 हजार रुपये मिलने की बात कही थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने और पूछताछ में सामने आया कि कुल 51 हजार रुपये दिए गए थे. इसमें से 30 हजार रुपये में स्कूटी खरीदी गई, जबकि 21 हजार रुपये आरोपियों ने खर्च किए.
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में छठे आरोपी प्रवीण लोनकर को जेल से हिरासत में लेने की प्रक्रिया अगले दो-तीन दिनों में पूरी की जाएगी, क्योंकि फिलहाल कानूनी औपचारिकताएं जारी हैं. इस मामले में दो सप्ताह बाद भी शूटर और उसका एक साथी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं और उनकी तलाश जारी है.
दीपेश त्रिपाठी