प्रेमिका की ससुराल में मिली प्रेमी की लाश, घरवालों का आरोप- पुलिस ने मारा

सवाई माधोपुर जिले में एक युवक का शव उसकी प्रेमिका की ससुराल में मिला है. कुछ दिन पहले ही प्रेमिका की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था. इस मामले में मृतक के परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है. इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधिकारी से मुलाकात भी की है.

Advertisement
राजकीय जिला चिकित्सालय सवाई माधोपुर राजस्थान राजकीय जिला चिकित्सालय सवाई माधोपुर राजस्थान

aajtak.in

  • सवाई माधोपुर,
  • 21 सितंबर 2022,
  • अपडेटेड 6:11 PM IST

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में एक युवक का शव उसकी प्रेमिका की ससुराल में फांसी से लटकता मिला है. पेड़ से शव लटका देखकर गांव में सनसनी फैल गई. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतक के परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर हत्या का आरोप लगाया है.

श्यामपुरा के रहने वाले मनराज मीणा का पिछले चार-पांच साल से एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था. करीब एक साल पहले युवती की शादी रवांजना डूंगर थाना क्षेत्र के एक गांव में हो गई. मगर, इसके बाद भी दोनों की प्रेम कहानी चलती रही. इस बीच मुलाकातों का सिलसिला भी जारी रहा.

Advertisement

पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था प्रेमी
इस प्रेम कहानी की भनक युवती के ससुराल वालों को लग गई. उन्होंने युवती के साथ रवांजना डूंगर थाने पर पहुंचकर युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवा दिया. सात दिन पहले दर्ज करवाए गए मुकदमे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनराज मीणा को धर दबोचा.

हालांकि, आरोपी मनराज पुलिस कस्टडी से फरार हो गया. इसके चलते एसपी सुनील बिश्नोई ने रवांजना डूंगर थाने में तैनात एक एएसआई और एक कांस्टेबल को लाइन हाजिर भी कर दिया था. इसी बीच आरोपी युवक देर रात प्रेमिका की ससुराल पहुंचा. वहां घर के सामने ही पेड़ से लटककर जान दे दी.

घटना की सूचना गांव में आग की तरह फैली. मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर रवांजना डूंगर थाना पुलिस भी पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया.

Advertisement

परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर लगाया हत्या का आरोप 
बुधवार सुबह मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया. परिवार ने पुलिसकर्मियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव लेने से इनकार कर दिया. पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिवार को करीब 8 घंटे समझाया, जिसके बाद वो माने.

मृतक के परिजनों ने आश्रितों को 25 लाख रुपये मुआवजा, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा, एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग की है. इसके साथ ही घटना की सीआईडी जांच करवाने की मांग को लेकर एसपी को पत्र भी सौंपा है. आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ परिजनों ने थाने में तहरीर दी है. 

(रिपोर्ट- सुनील जोशी)

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement