पंचकूला नगर निगम घोटाला: 30 करोड़ रुपये ट्रांसफर करने के मामले में आरोपी स्वाति तोमर ने किया सरेंडर

पंचकूला नगर निगम घोटाले में आरोपी स्वाति तोमर ने ACB के सामने सरेंडर कर दिया. इस मामले की जांच में 30 करोड़ रुपये के ट्रांसफर का खुलासा हुआ है. इस केस में अब तक 5 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. क्या है ये पूरा मामला, पढ़ें पूरी खबर.

Advertisement
स्वाति पर 30 करोड़ ट्रांसफर करने का इल्जाम है (फोटो-ITG) स्वाति पर 30 करोड़ ट्रांसफर करने का इल्जाम है (फोटो-ITG)

अमन भारद्वाज

  • पंचकूला,
  • 07 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 1:51 PM IST

हरियाणा के पंचकूला नगर निगम से जुड़े बहुचर्चित घोटाले में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. इस मामले में आरोपी स्वाति तोमर ने सोमवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के मुख्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया. वह अपने वकील के साथ वहां पहुंचीं और जांच एजेंसी के सामने पेश हुईं. इस केस में पहले ही कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जिससे साफ है कि मामला काफी गंभीर और संगठित तरीके से अंजाम दिया गया. हालांकि ACB की ओर से अब तक इस सरेंडर को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

Advertisement

जांच में सामने आया है कि इस घोटाले के तहत करीब 30 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम स्वाति तोमर के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी. इतनी बड़ी रकम के लेनदेन ने जांच एजेंसियों को चौंका दिया है और पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है. फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह रकम किस स्रोत से आई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. ACB इस पूरे ट्रांजैक्शन की परतें खोलने में जुटी हुई है.

स्वाति तोमर के वकील का दावा है कि उनकी मुवक्किल इस पूरे मामले में फंसी हुई हैं और उन्हें धोखे में रखकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए. वकील के अनुसार, स्वाति को एक प्रोजेक्ट में सब-कॉन्ट्रैक्टर बनाने का झांसा दिया गया था. इसी बहाने उनसे कई जरूरी कागजों पर साइन करवाए गए. इतना ही नहीं, उनके बैंक खाते से जुड़े चेक पर भी हस्ताक्षर करवाए गए, जिसका बाद में गलत इस्तेमाल हुआ.

Advertisement

वकील का यह भी कहना है कि स्वाति के खाते में जो पैसा आया, वह उनके जानकारी के बिना ही अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिया गया. यानी उनका बैंक अकाउंट सिर्फ एक माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया गया. इस दावे की सच्चाई की जांच अब ACB कर रही है. अगर यह बात सही पाई जाती है, तो यह मामला और भी बड़ा नेटवर्क होने की ओर इशारा कर सकता है, जिसमें कई लोग शामिल हो सकते हैं.

बताया जा रहा है कि स्वाति तोमर पेशे से एक पूर्व शिक्षिका रही हैं. इस मामले में अब तक कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इससे यह साफ हो जाता है कि यह कोई छोटा-मोटा घोटाला नहीं, बल्कि एक संगठित वित्तीय धोखाधड़ी का मामला है. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड कौन है और किन-किन लोगों की इसमें भूमिका रही है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement