शादी का झांसा, लाखों के सोने की लूट... 24 घंटे में दबोचा गया तलाकशुदा को ठगने वाला फर्जी दूल्हा

मैट्रिमोनियल पोर्टल पर शुरू हुई दोस्ती ठगी में बदल गई. दूल्हा बनकर एक शातिर ठग ने तलाकशुदा महिला का भरोसा जीता और लाखों के गहने लेकर फरार हो गया. लेकिन दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी से 24 घंटे में आरोपी जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया.

Advertisement
दिल्ली में मैट्रिमोनियल साइट के जरिए महिला को लूटने वाले दो शातिर ठग गिरफ्तार. (Photo: Representational) दिल्ली में मैट्रिमोनियल साइट के जरिए महिला को लूटने वाले दो शातिर ठग गिरफ्तार. (Photo: Representational)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 21 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:04 PM IST

देश की राजधानी दिल्ली में शादी का झांसा देकर ठगी करने का एक मामला सामने आया है. यहां एक शख्स ने शादी का वादा करके एक तलाकशुदा महिला से लाखों रुपए के सोने के गहने ठग लिए. आरोपी ने महिला का भरोसा जीता, उसे धार्मिक स्थल पर मिलने बुलाया और फिर गहनों के साथ फरार हो गया. दिल्ली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार, आरोपियों की पहचान अभिनव सिंह (31) और करण शर्मा (26) के रूप में हुई है. दोनों को 17 फरवरी को पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में पकड़ा गया. इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पानीपत की 35 वर्षीय तलाकशुदा महिला ने पुलिस से संपर्क किया. महिला ने बताया कि उसकी मुलाकात एक मैट्रिमोनियल पोर्टल पर अभिनव से हुई थी. 

बातचीत का सिलसिला बढ़ा तो अभिनव ने खुद को शादी के लिए इच्छुक बताते हुए उसका विश्वास जीत लिया. उसने महिला को दिल्ली के एक धार्मिक स्थान पर मिलने के लिए बुलाया. मुलाकात के दौरान महिला से कहा कि वो उसके सोने के कंगन और चेन को सुरक्षित रख लेगा. महिला ने जब गहने उसे सौंप दिए तो वो मौका पाकर फरार हो गया. अपने साथ पीड़िता के मोबाइल फोन और दस्तावेज ले गया.

Advertisement

इस मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई. जांच टीम ने 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला. टेक्निकल सर्विलांस की मदद ली गई. डिजिटल ट्रेल और फुटेज के आधार पर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को दबोच लिया. पूछताछ में अभिनव सिंह ने स्वीकार किया कि वो अलग-अलग शहरों में तलाकशुदा महिलाओं को निशाना बनाता था. 

आरोपी खुद शादी करने की बात कहकर पीड़ित महिलाओं का भरोसा जीत लेता था. इसके बाद मौका देखकर कीमती सामान लेकर फरार हो जाता. इस काम में उसका साथी करण शर्मा भी शामिल था, जो पेशे से कैब ड्राइवर है. करण ने अपराध के बाद भागने के लिए नकली नंबर प्लेट वाली गाड़ी का इंतजाम किया था. चोरी की ज्वेलरी को मालवीय नगर स्थित एक दुकान पर 3 लाख में गिरवी रखा गया था.

आरोपियों को उसमें से 1 लाख रुपए पहले ही मिल चुके थे. पुलिस ने पूरी ज्वेलरी बरामद कर ली है. इसके अलावा 64 हजार रुपए नकद, दो मोबाइल फोन, पीड़िता के दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी भी जब्त कर ली गई है. पुलिस अब उस दुकान के मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है, जहां गहने गिरवी रखे गए थे. यह पता लगाने की कोशिश है कि कितनी महिलाएं शिकार बन चुकी हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement