झारखंड के धनबाद शहर में एक 25 वर्षीय महिला को अर्धनग्न कर पीटने का मामला सामने आया है. इसके बाद महिला बेडशीट लपेट कर थाने पहुंची और अपने साथ हुई ज्यादती के बारे में पुलिस को बताया. हालांकि, महिला ने ये भी आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने आरोपियों को थाने से जाने दिया.
दरअसल, धनबाद की बैंक मोड़ थाना पुलिस उस वक्त असहज हो गई जब एक महिला अर्धनग्न अवस्था में ही थाने पहुंच गई. महिला करीब 25 वर्ष की थी और उसने अपने बदन को एक बेडशीट से ढक रखा था. महिला रो रही थी और बीच-बीच में अपने साथ हुई ज्यादतियों के लिए चीख भी रही थी.
महिला ने थाने में बताया कि शनिवार की रात उसके साथ कुछ लोगों ने मारपीट करते हुए उसके सारे कपड़े फाड़ दिए और ये सब बीच सड़क पर हुआ. महिला ने बताया कि उसके चार बच्चे हैं और वो कबाड़ चुनकर अपना और अपने बच्चों का पेट पालती है. महिला ने कहा कि उसे न सिर्फ मारा पीटा गया है बल्कि बीच सड़क पर बेइज्जत भी किया गया है.
महिला के साथ एक युवक भी थाने पहुंचा था. उसने बताया कि मेडिकल स्टोर के लोगों ने महिला के साथ मारपीट करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए. महिला ने पुलिस पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने उसके साथ ऐसी घिनौनी हरकत करने वाले लोगों को थाने से ही जाने दिया.
सिथुन मोदक