Delhi: मयूर विहार फेस-3 में दिनदहाड़े सड़क पर चोरी, दो महिलाओं ने बुजुर्ग दंपति का बैग काटकर कैसे उड़ाई नकदी, देखें वीडियो

दिल्ली के मयूर विहार फेस-3 में दो महिलाओं ने बुजुर्ग दंपति का बैग काटकर ₹500 की दो गड्डियां उड़ा लीं. यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई. हालांकि पीड़ित दंपति ने इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं की है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
पुलिस आरोपी महिलाओं की तलाश कर रही है (फोटो-ITG) पुलिस आरोपी महिलाओं की तलाश कर रही है (फोटो-ITG)

परवेज़ सागर

  • नई दिल्ली,
  • 19 दिसंबर 2025,
  • अपडेटेड 3:05 PM IST

Mayur Vihar Theft Case: दिल्ली के मयूर विहार फेस-3 से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां पॉकेट ए-2 इलाके में दो महिलाओं ने एक बुजुर्ग दंपति को बड़ी सफाई से चूना लगा दिया. सड़क पर चलते-चलते उनके बैग से नकदी निकाल ली गई. वारदात इतनी शातिराना थी कि पीड़ित दंपति को उस वक्त इसकी भनक तक नहीं लगी. घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने बैग देखा, तब चोरी का खुलासा हुआ. पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है.

Advertisement

बैंक से लौटते समय बनाया निशाना
मयूर विहार फेस-3 निवासी एल. डी. जोशी सोमवार को अपनी पत्नी के साथ स्थानीय बैंक से पैसे निकालने गए थे. दोपहर करीब 12 बजकर 52 मिनट पर दोनों पैदल ही अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान दो महिलाएं तेजी से उनके पीछे आईं. उन्होंने श्रीमती जोशी के कंधे पर पीछे की ओर लटके बैग को निशाना बनाया. पलक झपकते ही बैग में कट लगाया गया और उसमें रखी नकदी निकाल ली. इसके बाद दोनों महिलाएं मौके से वापस लौट गईं.

ब्लेड से काटा बैग, उड़ा ली गड्डियां
पीड़ित एल. डी. जोशी ने बताया कि उनकी पत्नी का ध्यान सड़क किनारे एक मकान की ओर था. तभी एक युवती और एक बुजुर्ग महिला उनके आगे-पीछे चलने लगीं. इसी बीच ब्लेड से बैग पर कट लगाया गया. बैग के अंदर रखी ₹500 के नोटों की दो गड्डियां निकाल ली गईं. घर के अंदर पहुंचने पर जब बैग देखा गया, तो उसमें बड़ा सा कट था और पैसे गायब थे. तब जाकर उन्हें चोरी का अहसास हुआ.

Advertisement

पुलिस में नहीं की शिकायत
हालांकि इस मामले में जोशी दंपति ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी है. सीसीटीवी फुटेज में वारदात को अंजाम देते हुए दोनों महिलाएं साफ दिखाई दे रही हैं. संबंधित थाना पुलिस का कहना है कि ना तो इस मामले में कोई लिखित शिकायत मिली और ना ही 112 नंबर पर कोई कॉल की गई. फिलहाल इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है.

RWA की चेतावनी और लोगों से अपील
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष विजय रैना ने इस घटना पर चिंता जताई है. उन्होंने सभी निवासियों से अपील की है कि सड़कों पर चलते समय खास सतर्कता बरतें. उन्होंने बुजुर्गों को अकेले नकदी लेकर निकलने से बचने की सलाह दी है. यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. विजय रैना ने फोन पर 'आज तक' को बताया कि जोशी दंपति अब इस मामले को लेकर आगे कोई कार्रवाई नहीं करना चाहते हैं. इसलिए उन्होंने पुलिस को कोई शिकायत भी नहीं की है. हालांकि यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »