मध्य प्रदेश के इंदौर में ऐसा वीभत्स हत्याकांड सामने आया है, जिसने लोगों का दिल दहला दिया. यह मामला एक एमबीए छात्रा की हत्या का है, जिसे उसके ही प्रेमी ने इतनी क्रूरता से अंजाम दिया कि जांच करने वाले पुलिस अधिकारी भी दहल उठे. आरोपी पीयूष धामनोतिया के चेहरे पर न तो कोई पछतावा है और न ही कानून का खौफ. उसने न केवल भरोसे का कत्ल किया, बल्कि इंसानियत को भी तार-तार कर दिया.
पुलिस जब पहली बार मौका-ए-वारदात पर पहुंची, तो वहां का दृश्य डरावना था. सब-इंस्पेक्टर सोनिया सिंह एक बेहद प्रोफेशनल और सख्त अधिकारी मानी जाती हैं, लेकिन इस केस की वीभत्सता देखकर वो भी खुद को संभाल नहीं सकीं. उन्होंने बताया, "यह हत्याकांड बहुत ही ज्यादा डरावना था. मैंने अपने करियर में अनगिनत केस हैंडल किए हैं, लेकिन इतनी क्रूरता और बुरी तरह की गई हत्या कभी नहीं देखी.''
उन्होंने बताया कि कमरे का मंजर दिल झकझोर देने वाला था. पुलिस टीम कमरे में जब दाखिल हुई, तो वहां की हालत और शव देखकर महिला अधिकारी की आंखों से भी आंसू छलक आए. पुलिस तफ्तीश में रोंगटे खड़े कर देने जानकारी सामने सामने आई है. इसकी शुरुआत 10 फरवरी की दोपहर 3:25 बजे हुई. इंदौर की एक गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में पीयूष और छात्रा को आखिरी बार देखा गया था.
रिलेशनशिप में थे आरोपी और पीड़िता
पीयूष ने उसे अपने किराये के कमरे पर बुलाया था. डीसीपी इंदौर कृष्ण लालचंदानी ने बताया, "दोनों पिछले एक साल से रिलेशनशिप में थे. पूछताछ में पता चला है कि वे आपस में मामले सुलझाने के लिए कमरे पर मिले थे. वहां उनके बीच शारीरिक संबंध बने, लेकिन फिर शादी और शक को लेकर बहस शुरू हो गई. पीयूष को संदेह था कि लड़की किसी और से भी बात करती है. उसके शक ने उसे हैवान बना दिया."
आंखों पर पट्टी, कत्ल का क्रूर अध्याय
आरोपी ने हत्या की साजिश किसी मंझे हुए अपराधी की तरह रची थी. उसने प्रेमिका को 'गिफ्ट' देने का झांसा दिया और उसके हाथ-पांव बांध दिए. प्यार के झांसे में आई छात्रा को क्या पता था कि उसकी आंखों पर बंधी पट्टी उसकी आखिरी सांसों का गवाह बनेगी. पीयूष ने उसके मुंह में पॉलिथीन ठूंसी और फिर बेरहमी से उसका गला घोंट दिया. कत्ल के बाद की कहानी और भी रूह कंपा देने वाली है.
'ब्लैक मैजिक' और रूहानी साजिश
उसने लाश के पास बैठकर शराब पी. इसके बाद शव के साथ अमर्यादित व्यवहार किया. गुस्से में मृतका के पेट पर चाकू से कई वार किए. इसके बाद कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया. पीयूष मुंबई के पनवेल पहुंच गया. वहां उसने जो किया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. उसके मृतका के फोन से उसके घर वालों को मैसेज भेजकर गुमराह किया. इसके बाद प्रेमिका चरित्रहनन शुरू किया.
'कैरेक्टर असैसिनेशन' की कोशिश
उसने कॉलेज के ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो डालकर मृतका का 'कैरेक्टर असैसिनेशन' करने की भी कोशिश की. डीसीपी कृष्ण लालचंदानी के मुताबिक, "आरोपी पनवेल के एक होटल में रुका और वहां उसने यूट्यूब पर सर्च किया कि 'आत्माओं से कैसे बात करते हैं'. शाम 5:15 से 5:36 के बीच उसने बाकायदा तंत्र क्रिया करने का प्रयास किया, ताकि वो अपनी मृत प्रेमिका की आत्मा को बुला सके.''
'इस दरिंदे को सीधा शूट करना चाहिए'
उसकी हरकतों से उसकी अस्थिर मानसिक स्थिति का पता चलता है. पुलिस को उसके पास से तांत्रिक सामग्री और इस क्रिया से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं. बेटी के जाने का गम और आरोपी की निर्लज्जता देखकर पिता का खून खौल उठा है. उन्होंने बताया कि आरोपी घर के बाहर सिर्फ नोट्स लेने के बहाने आता था. लड़की के पिता ने कहा, "इस दरिंदे को फांसी देनी चाहिए, उम्रकैद नहीं. सीधा शूट करना चाहिए."
क्राइम सीन पर धौंस दिखाता रहा आरोपी
पिता ने बताया कि जब उनका सामना थाने में पीयूष से हुआ, तो उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी, बल्कि वह अब भी धौंस दिखा रहा था. इंदौर पुलिस जब आरोपी को क्राइम सीन पर लेकर गई, तो उसके चलने के अंदाज और बॉडी लैंग्वेज में रत्ती भर भी पछतावा नहीं दिखा. वह बेखौफ होकर पुलिस को कत्ल का पूरा डेमो दे रहा था. इस हत्याकांड की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है.
aajtak.in