अगर आप EMS (इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज) कंपनियों में निवेश के बारे में सोच रहे हैं तो ब्रोकरेज ने कई शेयर चुनकर लाए हैं. दरअसल, फिलहाल भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में इस समय जबरदस्त हलचल है. इस बीच EMS कंपनियों को लेकर ब्रोकरेज हाउस Motilal Oswal Financial Services ने बड़ी रिपोर्ट जारी की है, जिसमें कई दिग्गज शेयरों के लिए दमदार ग्रोथ अनुमान और नए टारगेट दिए गए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार की PLI स्कीम, बढ़ती मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और ग्लोबल कंपनियों के भारत शिफ्ट होने से सेक्टर में लंबी रेस की ग्रोथ दिख रही है. ब्रोकरेज को अनुमान है कि EMS कंपनियों के रेवेन्यू में FY25 से FY28 के बीच करीब 30% CAGR से बढ़ोतरी हो सकती है.
वहीं EBITDA में लगभग 36% और नेट प्रॉफिट में 40% से ज्यादा CAGR की उम्मीद जताई गई है, यानी आने वाले तीन साल इस सेक्टर के लिए निर्णायक हो सकते हैं.
डिक्सन टेक के शेयर में बड़ी तेजी की संभावना
सबसे ज्यादा चर्चा Dixon Technologies की हो रही है. ब्रोकरेज ने कंपनी को ‘Buy’ रेटिंग देते हुए 22,500 रुपये का टारगेट दिया है. स्मार्टफोन, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और कंपोनेंट्स मैन्युफैक्चरिंग में मजबूत पकड़ इसकी सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है. Dixon Technologies के शेयर ने पिछले एक साल में 27 फीसदी निगेटिव रिटर्न दिया है.
इसके अलावा Kaynes Technology पर भी ब्रोकरेज बुलिश है. कंपनी के लिए 8,200 रुपये का लक्ष्य तय किया गया है. इंडस्ट्रियल और ऑटो इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट में इसकी मजबूत ऑर्डर बुक निवेशकों का भरोसा बढ़ा रही है. Kaynes Technology के शेयर ने एक साल में 10 फीसदी निगेटिव रिटर्न दिया है, जबकि शेयर अपने ऑल टाइम हाई से करीब 50 फीसदी करेक्ट हो चुका है. शेयर का ऑल टाइम हाई 7705 रुपये है.
जबकि Avalon Technologies को 1,330 रुपये का टारगेट मिला है. कंपनी हाई-मार्जिन और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी प्रोडक्ट्स की ओर तेजी से बढ़ रही है.
इसके अलावा Cyient DLM के लिए 550 रुपये और Syrma SGS Technology के लिए 960 रुपये का लक्ष्य दिया गया है. इन कंपनियों की ऑर्डर बुक और डाइवर्सिफाइड क्लाइंट बेस को भविष्य की ग्रोथ का बड़ा आधार माना जा रहा है.
(नोट: शेयर बाजार में निवेश से पहले वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें)
आजतक बिजनेस डेस्क