कंपनी के खास ऐलान के बाद इसके शेयरों में बुधवार को शानदार तेजी देखने को मिली. कंपनी के शेयर 20 फीसदी के अपर सर्किट पर पहुंच गए. इस कंपनी के शेयर BSE पर 117.6 रुपये पर थे और इस तेजी की वजह CCI मर्जर को मंजूरी देना है.
सीसीआई की ओर से मंजूरी मिलने के बाद इस स्टॉक में जोरदार खरीदारी आई है. 18 फरवरी की सुबह शेयर की शुरुआत 97.49 रुपये के बंद भाव के मुकाबले 106.16 रुपये पर हुई और इसके बाद यह शेयर 116.98 रुपये के अपर सर्किट पर आ गया. हम जिस शेयर की बात कर रहे हैं, वह NDL Ventures है.
शेयर में क्यों आई तेजी?
बीएसई पर सुबह 9:18 बजे के आसपास स्टॉक 19% से ज्यादा चढ़कर 117.45 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. जबकि बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट थी. इस शेयर में तेजी एक खबर के बाद आई है.Competition Commission of India ने एक नोट के जरिए बताया कि उसने Hinduja Leyland Finance के NDL Ventures में मर्जर को मंजूरी दे दी है.
कंपनी को अगस्त 2025 में भारतीय रिजर्व बैंक से इस मर्जर के लिए नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिल चुका था. इसके बाद नवंबर 2025 में कंपनी के बोर्ड ने मर्जर स्कीम को मंजूरी दे दी थी.
10 के बदले मिलेंग 25 शेयर
इस मर्जर के बाद हिंदुजा लीलैंड फाइनेंस के हर 10 शेयरों के बदले NDL Ventures के 25 इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे. सभी शेयर 10 रुपये के फेस वैल्यू के होंगे. रिकॉर्ड डेट का अनाउंसमेंट बाद में की जाएगी. NDL Ventures रियल एस्टेट और फाइनेंशियल सर्विसेज बिजनेस में कारोबार करती है. कंपनी की स्थापना 18 जुलाई 1985 को मितेश मर्कटाइल्स और फाइनेंसिंग के नाम से हुई थी. इसके बाद कई बार नाम बदला गया, हालांकि बाद में NDL Ventures Limited रख दिया गया.
शेयरों का कैसा प्रदर्शन?
NDL Ventures के शेयर ने पिछले एक महीने में 27 फीसदी की तेजी दिखाई है. इस साल अभी तक इस शेयर में 32.44% की तेजी आई है. इसके 52 सप्ताह का हाई लेवल 116.98 रुपये है और 52 सप्ताह का निचला स्तर 48.94 रुपये प्रति शेयर है.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने योग्य वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क