भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट के संकेत दिखाई दे रहे हैं. Gift Nifty 454 अंकों के गैप डाउन का संकेत दे रहा है. यह सिग्नल ऐसे समय में आया है, जब ट्रंप ने अमेरिका को संबोधित करते हुए ईरान वॉर पर अपडेट जारी किया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने सुबह 6.30 बजे अपने बयान में कई बातों पर फोकस रखा, जिसमें खासतौर पर कहा कि 2 से 3 हफ्तों में ईरान पर बड़ा हमला होगा. उनकी बहुत सी बातें जंग के निर्याणक फैसले की ओर नहीं थी, बल्कि जंग को और भी उलझाने वाली दिखीं. यही कारण है कि तेल कीमतों में भारी उछाल देखी जा रही है.
ईरान जंग के बीच राष्ट्र के नाम संबोधन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के सभी बड़े नेता मारे जा चुके हैं. एक महीने से ईरान से जंग जारी है. मैंने कहा था कि मैं कभी भी परमाणु प्रोग्राम को सफल नहीं होने दूंगा. आपने देखा है कि इजरायल और हम इस काम में लगे हैं. आपने बेरुत में देखा था कि कैसे अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई थी.
परमाणु शक्ति ईरान को नहीं बनने देंगे
ट्रंप ने अपनी स्पीच में कहा कि ईरान की नौसेना 'पूरी तरह खत्म' हो चुकी है, वायुसेना तबाह हो गई है और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का लीडरशिप भी खत्म हो चुका है. ट्रंप ने आगे कहा कि हम ईरान से कोई डील नहीं करने वाले हैं, उसे किसी भी कीमत पर परमाणु शक्ति नहीं बनने देंगे.
होर्मुज पर कब्जे को अमेरिका करेगा सपोर्ट
ट्रंप ने अपने बयान में यह भी कहा कि जो लोग उस रास्ते से तेल-गैस लेकर जाते हैं, उन्हें उसकी सुरक्षा खुद करनी चाहिए, अमेरिका इसको सपोर्ट करेगा. आगे उन्होंने यह भी कहा कि हम 2 से 3 हफ्तों में सख्त रवैया अपनाएंगे. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ईरान में अपने सैन्य लक्ष्यों को हासिल करने के काफी करीब है.
तेल की कीमतों में तेजी
ईरान को लेकर ट्रंप के बयान के बाद Brent Crude Oil 4.43% चढ़कर 105.64 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. इस तेजी की बड़ी वजह जंग के आगे और बढ़ने के संकेत हैं. कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के साथ ही भारतीय शेयर बाजार भी बड़ी गिरावट का संकेत दे रहा है.
(नोट- शेयर बाजार में खरीदारी से पहले योग्य वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क