बिहार बीजेपी के नेता सम्राट चौधरी राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. मंगलवार को पटना में हुई बीजेपी नेताओं की बैठक में उनके नाम की घोषणा की गई. सम्राट चौधरी के सीएम बनने की घोषणा से उनके पैतृक गांव मुंगेर के तारापुर के लखनपुर गांव में जश्न की तैयारी शुरू हो चुकी है.
सम्राट चौधरी के सीएम बनने की घोषणा से उनके बचपन के दोस्तों में उत्साह है. सम्राट के साथ पढ़ने और क्रिकेट खेलने वाले उनके दोस्तों ने आजतक के साथ बातचीत में गुजरे हुए दिनों को याद किया.
उन लोगों ने बताया कि लखनपुर में तब पढ़ाई-लिखाई के लिए एकमात्र मदरसा हुआ करता था जिसमें सम्राट चौधरी सहित अन्य बच्चे पढ़ने आते थे. खास बात यह है कि इस मदरसे में हिंदी उर्दू के अलावा संस्कृत की भी पढ़ाई होती थी.
सम्राट चौधरी के मित्रों ने कहा कि सम्राट चौधरी क, ख, ग के अलावा उर्दू के अक्षर अलिफ बे ते पढ़ा करते थे.
उनके दोस्त बताते हैं कि ऐसा नहीं था कि सिर्फ सम्राट ही उर्दू पढ़ते थे, उनके साथ-साथ हिंदू धर्म को मानने वाले बच्चे हों या मुस्लिम धर्म के सभी उर्दू और संस्कृत की पढ़ाई किया करते थे.
57 साल के सम्राट चौधरी मुंगेर के तारापुर से बीजेपी के विधायक है.
सम्राट चौधरी के दोस्तों ने बताया कि सम्राट बचपन से पढ़ाई के साथ साथ क्रिकेट खेलने में भी अव्वल थे. उनके पिता शकुनि चौधरी भी चाहते थे कि सम्राट अच्छी क्रिकेट खेलें. पुरानी बातें याद करते हुए उनके दोस्त कहते हैं कि क्रिकेट के कारण उनकी पिटाई भी होती थी. उनके दोस्त कहते हैं, "क्रिकेट खेलने के दौरान हम लोगों में नोकझोंक भी होती थी, लेकिन कभी भी नफरत नहीं होती थी. वही चीज आज भी है भले ही सम्राट अब बिहार के मुख्यमंत्री बनने वाले हैं लेकिन जब भी यहां आते हैं तो हम लोगों से उनकी मुलाकात होती है और कभी भी हमारे यहां लोग हिंदू मुस्लिम वाली नजरों से एक दूसरे को नहीं देखते हैं.
वही उर्दू मध्य विद्यालय लखनपुर के प्रिंसिपल मोहम्मद ताबीर ने बताया कि पूर्व में यह विद्यालय मदरसा हुआ करता था, तब सम्राट चौधरी यहां पढ़ाई किया करते थे. अब वही मदरसा उर्दू मध्य विद्यालय लखनपुर के नाम से जाना जाता है. उन्होंने कहा कि यहां के पूर्व शिक्षकों ने उन्हें पढ़ाया है और आज भी उनके किस्से हम लोग सुनते हैं. वही सम्राट आज बिहार का मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं इससे ज्यादा खुशी की बात हम लोगों के लिए नहीं हो सकती है.
बिहार के नए सीएम चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए भाजपा बिहार विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है. मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं.
सम्राट चौधरी ने कहा कि वे बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे.
गोविंद कुमार