'मेरे साथ रहता था...', स्टेज पर पहुंची प्रेमिका ने दूल्हे का पकड़ा कॉलर, पिता-चाचा को बनाया बंधक

समस्तीपुर में जयमाला के वक्त दूल्हे की कथित प्रेमिका स्टेज पर पहुंच गई और शादी समारोह में हंगामा हो गया. प्रेमिका ने छह साल के रिश्ते का दावा करते हुए दूल्हे की पिटाई कर दी. दुल्हन पक्ष ने भी दूल्हे को पीटा और पिता-चाचा को बंधक बना लिया. सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हे और प्रेमिका को थाने ले गई.

Advertisement
प्रेमिका के खुलासे से बवाल.(Photo: Screengrab) प्रेमिका के खुलासे से बवाल.(Photo: Screengrab)

जहांगीर आलम

  • समस्तीपुर,
  • 09 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:58 PM IST

बिहार के समस्तीपुर में जयमाला के वक्त शादी समारोह में उस समय हंगामा मच गया, जब दूल्हे की कथित प्रेमिका स्टेज पर पहुंच गई और उसने दूल्हे का कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी. यह घटना पटोरी थाना क्षेत्र के लोदीपुर घीर गांव की बताई जा रही है, जहां शादी का माहौल अचानक अफरा-तफरी में बदल गया. जयमाला के ठीक पहले हुए इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भीड़भाड़ और मारपीट साफ दिखाई दे रही है.

Advertisement

जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के तिसिऔता थाना क्षेत्र के प्राणपुर निवासी पंकज कुमार बारात लेकर लोदीपुर घीर गांव पहुंचे थे, जहां उनकी शादी प्रदीप सहनी की बेटी अस्मिता से होनी थी. शादी की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा स्टेज पर पहुंचा और दुल्हन जयमाला पहनाने ही वाली थी कि अचानक एक महिला स्टेज पर चढ़ गई और दूल्हे का कॉलर पकड़ लिया.

यह भी पढ़ें: दिल्ली के खुले सीवर में समस्तीपुर के बेटे की मौत, पत्नी का आरोप- धक्का देकर मार डाला

महिला ने खुद को दूल्हे की प्रेमिका बताते हुए आरोप लगाया कि पंकज कुमार उसके साथ छह साल से रिलेशनशिप में था और अब धोखा देकर दूसरी शादी करने आया है. इसके बाद मंच पर मौजूद लोगों ने दूल्हे की जमकर पिटाई शुरू कर दी और शादी का माहौल पूरी तरह से बिगड़ गया.

Advertisement

तमिलनाडु से पहुंची प्रेमिका, लगाए गंभीर आरोप

जयमाला स्टेज पर हंगामा करने वाली महिला की पहचान नीलम देवी के रूप में हुई है. नीलम का कहना है कि पंकज कुमार तमिलनाडु में कपड़े की फैक्ट्री में काम करता था, जहां दोनों की छह साल पहले पहचान हुई थी. नीलम पहले से दो बच्चों की मां थी और अपने पहले पति से तलाक ले चुकी थी. इन सब बातों को जानते हुए भी दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे.

नीलम को जब जानकारी मिली कि पंकज दूसरी शादी करने जा रहा है, तो वह तमिलनाडु से वैशाली जिले के तिसिऔता थाना पहुंची और उसके खिलाफ आवेदन दिया. इसके बाद वह सीधे पटोरी पहुंच गई, जहां पंकज की शादी हो रही थी.

नीलम के स्टेज पर पहुंचते ही शादी समारोह में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और पूरे पंडाल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

दूल्हे की पिटाई, पिता और चाचा बंधक

घटना की जानकारी मिलने के बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने भी दूल्हे की जमकर पिटाई कर दी. ग्रामीणों ने बरातियों को भी खदेड़ दिया, जिससे समारोह स्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई. मारपीट में दूल्हा पंकज घायल हो गया और उसका सिर फट गया.

Advertisement

दुल्हन पक्ष के लोगों ने खुद को ठगा हुआ महसूस करते हुए दूल्हे के पिता और चाचा को बंधक बना लिया और शादी में आए तीन वाहनों को कब्जे में ले लिया. इसी दौरान किसी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, हालात को शांत कराया और दूल्हा पंकज तथा प्रेमिका नीलम को अपने साथ थाने ले गई. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. प्रेमिका के समय पर पहुंचने से यह शादी नहीं हो सकी और एक लड़की की जिंदगी बर्बाद होने से बच गई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »