राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद भी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पुराने अंदाज में सक्रिय नजर आ रहे हैं. शनिवार को बख्तियारपुर दौरे के दौरान उन्होंने एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर प्रोजेक्ट की धीमी रफ्तार को लेकर अधिकारियों पर नाराजगी जताई और उन्हें कड़ी फटकार लगाई.
दरअसल मुख्यमंत्री अपने गृह क्षेत्र बख्तियारपुर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने फ्लाईओवर प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया. मौके पर जब उन्हें पता चला कि निर्माण कार्य अपेक्षा के अनुरूप तेजी से आगे नहीं बढ़ रहा है, तो उन्होंने अधिकारियों को डांट लगाई और काम को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.
नीतीश ने जताई नाराजगी तो अफसर ने जोड़े हाथ
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वह लगातार यह कहते आ रहे हैं कि काम को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, लेकिन इसके बावजूद काम की गति धीमी दिखाई दे रही है. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि विकास परियोजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा होना चाहिए.
मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद मौके पर मौजूद अधिकारी उनके सामने हाथ जोड़कर आश्वासन देते नजर आए. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से कहा कि वो एक महीने के भीतर इस प्रोजेक्ट का काम पूरा कर देंगे. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य को तेज गति से पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
जल्द ही मुख्यमंत्री का पद छोड़ेंगे नीतीश
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यकर्ताओं ने इस दौरान 'देश का नेता कैसा हो, नीतीश कुमार जैसा हो' जैसे नारे भी लगाए. मुख्यमंत्री ने भी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया.
अभी हाल ही में सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया है, जिसके बाद बिहार की राजनीति में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि इन अटकलों के बीच मुख्यमंत्री का यह दौरा यह संकेत देता है कि वो अभी भी राज्य के विकास कार्यों की निगरानी को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं.
शशि भूषण कुमार