बिहार में लागू शराबबंदी के बीच तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं. ताजा मामला नवादा से सामने आया है, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने एक मैजिक वाहन की छत में बनाए गए गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है.
उत्पाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन शराब की खेप लेकर इलाके से गुजरने वाला है. सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर मैजिक वाहन को रोका और तलाशी शुरू की. शुरुआत में वाहन में कुछ भी संदिग्ध नजर नहीं आया, लेकिन अधिकारियों को शक होने पर गहन जांच की गई.
जांच के दौरान वाहन की छत के ऊपर बने एक विशेष बॉक्स पर टीम का ध्यान गया. जब उसे खोला गया तो अंदर से शराब की बोतलें बरामद होने लगीं. पुलिस के अनुसार, तस्करों ने वाहन की छत में इस तरह सीक्रेट चैंबर तैयार किया था कि पहली नजर में वह एक साधारण ढांचा लगता था. यदि बारीकी से जांच नहीं की जाती तो खेप आसानी से पार हो सकती थी.
छापेमारी में कुल 1008 बोतल अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी मात्रा लगभग 378 लीटर बताई जा रही है. मौके से झारखंड के बोकारो जिले का रहने वाला विश्वकर्मा पंडित नामक आरोपी गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है.
उत्पाद विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शराबबंदी के बाद तस्कर लगातार नए जुगाड़ अपनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन निगरानी तंत्र को भी उसी हिसाब से मजबूत किया गया है. उन्होंने साफ किया कि राज्य में अवैध शराब की तस्करी पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा.
फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Input: सुमित भगत
aajtak.in